हमारे देश में कई त्यौहार होते हैं और हर त्यौहार का खास महत्व होता है। खुशियों और समृद्धि का त्यौहार बैसाखी हर साल बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। यह पर्व मुख्य रूप से दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में मनाया जाता है लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह त्यौहार आखिर क्यों मनाया जाता है और इसका क्या महत्व है।
कैसे मनाते हैं बैसाखी का त्यौहार
बैसाखी प्रमुख कृषि पर्व है। इस दिन फसल पक कर तैयार होती है ओर चारों और खुशी का माहौल होता है। इस साल बैसाखी का त्योहार शुक्रवार 14 अप्रैल को मनाया जाएगा। हमारे देश के अलग-अलग राज्यों में यह त्यौहार मनाया जाता है। असम में इस त्यौहार को बिहू कहा जाता है और वहीं बंगाल में इसे पोइला बैसाख कहते हैं।
इसके अलावा केरल में इस पर्व को विशु कहा जाता है। बैसाखी के दिन लोग नाचते-गाते हैं और पकी हुई फसलों को काटा जाता है। इस त्यौहार पर गुरुद्वारों को सजाया जाता है और भजन-कीर्तन होते हैं। इस दिन सूर्य मेष राशि में गोचर करते हैं। इसलिए इसे मेष संक्रांति के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन सूर्य देव की उपासना करने बहुत ही शुभ माना जाता है।
क्या है इस त्यौहार का महत्व?
इस त्यौहार को हिंदू धर्म और सिख धर्म के लोग बहुत महत्वपूर्ण मानते हैं। मान्यताओं के अनुसार हजारों सालों पहले गंगा इसी दिन धरती पर अवतरित हुई थी। इसी कारण बैसाखी पर स्नान-दान का विशेष महत्व माना गया है। बैसाखी के दिन उगते सूर्य को तांबे के लोटे में गुड और कुमकुम मिलाकर जल अर्पित किया जाता है। इस दिन से सौर वर्ष का आरंभ भी होता है। इस कारण से इस त्यौहार पर सूर्य देव की पूजा बहुत जरूरी मानी जाती है। आपको बता दें कि सूर्य राज को सत्ता, आरोग्य, हृदय, पिता, अधिकारी का कारक ग्रह माना गया है।
माना जाता है कि कुंडली में सूर्य की मजबूत स्थिति होने पर लाभ और अनुकूल परिणाम प्राप्त होते हैं। इसलिए सूर्य जब राशि चक्र की पहली राशि में प्रवेश करते हैं तो सूर्य की आराधना की जाती है। इस दिन सूर्य पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।