अगर आपका पैसा व्यर्थ के कामों में नष्ट होता है और चाहकर भी बचत नहीं हो पाती है तो आप कौड़ी के कुछ आसान उपाय आजमा सकती हैं।  

घर में रखी न जाने कितनी ऐसी चीजें हैं जिनका ज्योतिष में बहुत अधिक महत्व है। खासतौर पर जब हम धन के लिए उपायों के बारे में बात करते हैं तब कुछ चीजों से किए गए आसान ज्योतिष उपाय जीवन के लिए बहुत ज्यादा लाभकारी हो सकते हैं।

धन की इच्छा भला कौन नहीं करता है। कई बार आपको बिना कारण जाने ही धन हानि होने लगती है और पैसा हाथों में टिकता नहीं है। ऐसे में यदि आप कौड़ी के कुछ विशेष उपाय आजमाएंगी तो आपके जीवन में सुख समृद्धि के साथ धन लाभ के योग भी बन सकते हैं।

दरअसल कौड़ी समुद्र मंथन के दौरान माता लक्ष्मी के साथ बाहर निकली थी और इसी वजह से इसे माता लक्ष्मी का ही रूप माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि जिस घर में कौड़ी की पूजा होती है वहां सदैव लक्ष्मी जी विराजमान रहती हैं और कभी भी अन्न-धन की कमी नहीं होती है। आइए जानें कि हम ज्योतिष के किन उपायों से घर में धन की वर्षा कर सकते हैं।

अपनी पर्स में रखें कौड़ी

यदि आपकी पर्स में पैसा ज्यादा दिनों तक टिकता नहीं है तो आप घर के मंदिर में एक कौड़ी माता लक्ष्मी की तस्वीर के पास रख दें और इसकी पूजा के बाद इसे वहां से हटाकर अपने पर्स में रख लें।

इस कौड़ी को यदि आप शुक्रवार के दिन अपनी पर्स में रखती हैं तो धन के योग बनते हैं। अगर आप किसी नौकरी के लिए इंटरव्यू देने जाएं तो इस कौड़ी को अपनी पर्स में जरूर रखें। इससे आपको तुरंत अच्छी नौकरी मिलने के योग बनते हैं। यदि आपकी नौकरी में प्रमोशन नहीं हो रहा है तो आप रोज होने पास इस कौड़ी को रखें।

घर की तिजोरी में रखें कौड़ी

अगर आपके हाथों से व्यर्थ ही धन व्यय होता है तो आप शुक्रवार के दिन घर के मंदिर में माता लक्ष्मी की तस्वीर के पास 5 कौड़ी रखकर उनकी पूजा करें। इन कौड़ियों को एक लाल कपड़े में बांधकर घर की तिजोरी में रखें।

इस उपाय से आपके घर में कभी धन की कमी नहीं होगी और व्यर्थ का खर्चा रुकेगा। ऐसा माना जाता है कि कौड़ी आपकी तिजोरी में धन को आकर्षित करने में मदद करती है।

नए घर की नींव में रखें कौड़ी

पूजा के स्थान पर रखी हुई तिजोरी को आप घर की नींव बनाते समय उसमें रखें। इससे सभी नकारात्मक ऊर्जाएं दूर होंगी और घर में हमेशा सुख समृद्धि बनी रहेगी। कौड़ी आपके घर से सभी वास्तु दोषों को दूर करने में भी मदद करती है।

घर को बुरी नजर से बचाने के लिए आप घर के मुख्य दरवाजे के बाईं तरफ एक काले कपड़े में 7 कौड़ियां बांधकर लटका दें। इससे बुरी नजर से बचने में आसानी होगी और  आपके घर पर भी कोई भी बुरा प्रभाव नहीं होगा।

बुरी नजर से बचाने के लिए कौड़ी के उपाय

बुरी नजर से बचने के लिए आप कौड़ी को काले धागे में बांधकर हाथ या गले में पहन सकती हैं। इससे आपको बुरी नजर से बचने में आसानी होती है। खासतौर पर बच्चों को बुरी नजर से बचाने ले लिए काले धागे में कौड़ी बांधकर पहनाई जाती है। बच्चों को कमर में काला धागा बांधकर कौड़ी पहनाने की सलाह दी जाती है।  

कर्ज से मुक्ति के लिए कौड़ी के उपाय

यदि आपके ऊपर कोई बड़ा कर्ज चल रहा है तो आप कौड़ी का एक आसान उपाय आजमा सकते हैं। इसके लिए गुरूवार के दिन भगवान् विष्णु की तस्वीर के सामने एक कौड़ी रखने और इसके साथ हल्दी की एक गांठ रखें।

विष्णु जी के साथ माता लक्ष्मी का पूजन करें। इस कौड़ी और हल्दी को एक पीले कपड़े में बांधकर घर की तिजोरी में रखें। इस उपाय से जल्द ही आपको कर्ज से मुक्ति मिलेगी और धन के मार्ग खुलेंगे।