ब्रह्मा नगरी पुष्कर में बूढ़ा पुष्कर रोड पर 1100 साल वर्ष प्राचीन भगवान गणेश का प्राचीन मंदिर मौजूद है, जिसे भट बावड़ी गणेश मंदिर के नाम से जाना जाता है. यह मंदिर पुष्कर ही नहीं बल्कि दूर- दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. इस मंदिर की पौराणिक मान्यता है कि जिन लोगों के मांगलिक कार्यों में कोई रुकावट आती है, वे लगातार तीन बुधवार इस मंदिर में आकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करते हैं. इससे उनकी अड़चनें दूर हो जाती हैं और रुके हुए कार्य पूरे होते हैं.
मंदिर के पास एक बावड़ी है जिसका निर्माण गुर्जरों के राजा नाग भट्ट ने कराया था. उसके बाद गणेश मंदिर का निर्माण मंडोर के राजा नाहर राव ने लगभग 1100 वर्ष पूर्व कराया था. इस बावड़ी का निर्माण इस मंदिर की प्राकृतिक बनावट इस प्रकार है कि बावड़ी में शिवलिंग के नीचे स्थित मां पार्वती के स्वरूप की आकृति है.
मन्नत के लिए नारियल में बांधते हैं मूली के धागे
मंदिर में बुधवार को दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते है. श्रद्धालु घरों में शादी विवाह या मांगलिक कार्य की मनोकामना पूर्ण करने की मंशा लिए सर्वप्रथम भट बावड़ी मंदिर पूजा करने आते है. मंदिर की मान्यता है कि जिन लोगों के घरों में विवाह में देरी हो रही होती है, तो वह मंदिर परिसर में नारियल को मूली के धागे के साथ बांधकर मनोकामना की अर्जी लगाई जाती है. गणेश चतुर्थी के अवसर पर यहां भव्य मेले का आयोजन होता है.
कैसे पहुंचे भट बावड़ी मंदिर
भट बावड़ी गणेश मंदिर पहुंचना बेहद आसान है. पुष्कर के सबसे नजदीक अजमेर रेलवे स्टेशन है, जो यहां से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. अजमेर से आप बस या टैक्सी से पुष्कर आसानी से पहुंच सकते हैं. बस से आने पर आपको ई-रिक्शा या टेंपो करना पड़ता है, क्योंकि बस स्टैंड मंदिर से 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.