सूर्य देवता के उत्तरायण होने पर मनाया जाने वाला मकर संक्रांति का पर्व इस बार 14 जनवरी की रात या 15 जनवरी की सुबह से शुरू हो रहा है. मान्यता है कि इस दिन मां नर्मदा को तिल अर्पित किया जाता है. यह परंपरा काफी प्राचीन है, इस वजह से इस घाट का नाम तिलवारा पड़ा है. इस वर्ष 15 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जाएगी. यह संक्रांति व्यापारियों के लिए लाभकारी रहेगी.

मां नर्मदा का महत्व और मकर संक्रांति में स्नान
मान्यताओं के अनुसार कहा जाता है कि गंगा नदी में डुबकी लगाने का जो महत्व है, उतना ही महत्व माता नर्मदा के दर्शन करने में है. नर्मदा को मध्य प्रदेश की जीवनदायिनी नदी भी कहा जाता है. इसलिए मां नर्मदा की पूजा होती है. बता दें कि, मां नर्मदा सदैव ऋषि-मुनियों की साधना स्थली रही है. नर्मदा के तटों पर कई जगह मकर संक्रांति का मेला लगता है. साथ ही इस दिन खिचड़ी का त्योहार भी मनाया जाता है. श्रद्धालु इस दिन नर्मदा में स्नान करना शुभ मानते हैं.

नर्मदा तट तिलवारा घाट का है पुराना इतिहास

ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार कलचुरि राजवंश के राजा युवराज देव का विवाह नोहला देवी से हुआ था. यह भी प्राचीणकाल से कहा जाता है कि नोहला देवी भगवान शिव की उपासक थीं और नर्मदा शिवपुत्री हैं. इसलिए कहा जाता है कि नोहला देवी तिलवारा घाट पर मकर संक्रांति के दिन मां नर्मदा में तिल अर्पित करने आती थीं. यह भी कहा जाता है कि मां नर्मदा के घाटों पर सूर्य को तिल अर्पण करने से मां नर्मदा के वाहन मकर के कष्टों का निवारण होता है. तिल अर्पण से माता प्रसन्न होती हैं और अपने भक्तों को सुख समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं. इसी मान्यता को आधार मान कर मकर संक्रांति के दिन तिलवारा घाट में मेला लगने लगा है.

मकर संक्रांति पर इन चीजों का दान करें

मकर संक्रांति पर यहां हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं. कहा जाता है कि तिल-गुड़ और खिचड़ी दान करने से व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.

मकर संक्रांति की क्या है पौराणिक मान्यता

इस समय सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण होते हैं, इसके अनुसार सूर्य का मकर राशि में प्रवेश होता है. बता दें कि, मगरमच्छ को मकर कहा जाता है. माता नर्मदा का वाहन मगरमच्छ है और मकर राशि का स्वामी शनि है. अहम बात यह है कि जब सूर्य का मकर राशि में प्रवेश होता है, तो मकर कष्ट महसूस करता है. इस कष्ट के निवारण हेतु शनि ने सूर्य भगवान को तिल अर्पण किया था. धर्म ग्रंथों के अनुसार कहा जाता है की सूर्य को तिल अर्पण करने से भगवान शनिदेव प्रसन्न होते हैं. इन सभी मान्यताओं के कारण माता नर्मदा के तिलवारा घाट में विशेषतः तिल का दान होता है.

इस समय शुभ होगा मकर संक्रांति का स्नान

इस दिन किसी भी पवित्र नदी में स्नान करना बेहद लाभकारी होगा. साथ ही स्नान के बाद दान करना बेहद शुभ माना गया है. स्नान के लिए 15 जनवरी को सूर्योदय से प्रातः 11:11 तक पुण्य काल रहेगा.