हिन्दू पंचांग के अनुसार 29 मई को महेश नवमी है। महेश नवमी का पर्व ज्येष्ठ महीने में शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव जी की कृपा से माहेश्वरी समाज की वंशोत्पत्ति हुई है। अतः माहेश्वरी समाज के लोग धूम-धाम से महेश नवमी का पर्व मनाते हैं। साथ ही साधक पूजा-उपासना करते हैं। इस दिन भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए कई विशेष उपाय भी किए जाते हैं। अगर आप भी जीवन में सुख, शांति और धन पाना चाहते हैं, तो महेश नवमी के दिन इन चीजों का दान करें। आइए जानते हैं-

- महेश नवमी के दिन भगवान शिव को पूजा के दौरान धतूरा जरूर अर्पित करें। इस समय निम्न मंत्र का जप करें- ॐ ह्रीं ह्रौं नमः शिवाय। ऐसा करने से देवों के देव महादेव प्रसन्न होते हैं। उनकी कृपा से व्यक्ति के सभी दुखों का नाश होता है।

- महेश नवमी के दिन देवों के देव महादेव को हरसिंगार के फूलों से श्रृंगार करें। इससे सुख, समृद्धि और धन में बढ़ोत्तरी होती है।

- महेश नवमी के दिन पूजा, जप, तप के साथ दान करने का विधान है। अतः इस दिन यथा शक्ति तथा भक्ति भाव से दान करें। अगर आप सुख, समृद्धि और धन प्राप्ति करना चाहते हैं, तो महेश नवमी पर नमक, तेल, घी, फल, फूल, चीनी, वस्त्र आदि चीजों का दान करें। इन चीजों के दान से व्यक्ति को मन मुताबिक सफलता मिलती है।

- अगर आप किसी बीमारी से पीड़ित हैं, तो महेश नवमी के दिन पूजा करने के पश्चात महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें। महामृत्युंजय मंत्र के जाप से व्यक्ति के जीवन में व्याप्त सभी दुखों का नाश होता है।

- अगर आप कुंडली में राहु, केतु और शनि की बाधा से परेशान हैं, तो जल में काले तिल, गंगाजल और बिल्ब पत्र मिलाकर शिवजी को अर्घ्य दें। इस समय ॐ महेश्वराय नमः मंत्र का जाप करें।