सनातन धर्म में पूर्णिमा तिथि का विशेष महत्व है। इस दिन पूजा, जप, तप और दान किया जाता है। हिन्दू पचांग के अनुसार हर महीने में शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी के अगले दिन पूर्णिमा तिथि पड़ती है। इस प्रकार ज्येष्ठ महीने में पूर्णिमा 3 जून को है। इस दिन पूर्णिमा का व्रत रखा जाएगा। इसके अगले दिन यानी 4 जून को स्नान-ध्यान और दान किया जाएगा। धार्मिक मान्यता है कि पूर्णिमा के दिन जगत के पालनहार भगवान विष्णु संग मां लक्ष्मी की पूजा-उपासना करने से साधक को सभी सुखों की प्राप्ति होती है। पूर्णिमा के दिन विशेष उपाय भी किए जाते हैं। अगर आप भी आर्थिक तंगी से परेशान हैं, तो ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन ये 3 चीजें जरूर घर लाएं। आइए जानते हैं-
घर ले आएं कछुआ
पूर्णिमा तिथि पर जगत के पालनहार भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। सनातन शास्त्रों में निहित है कि कूर्म, भगवान विष्णु के अवतार हैं। चिरकाल में समुद्र मंथन कराने के लिए कूर्म यानी कछुआ अवतार लिया था। अतः पूर्णिमा तिथि पर कछुआ घर लाना बेहद शुभ होता है। इसे घर की उत्तर दिशा में स्थापित करें। एक चीज का ध्यान रखें कि कछुए में कोई न कोई धातु अवश्य लगी होनी चाहिए। घर में कछुआ रखने से आर्थिक तंगी दूर होती है। साथ ही घर में सुख और समृद्धि आती है।
चांदी की मछली ले आएं
अगर आप आर्थिक तंगी से परेशान हैं और इससे निजात पाना चाहते हैं, तो ज्येष्ठ पूर्णिमा तिथि पर चांदी की मछली की प्रतिमा घर ले आएं। जगत के पालनहार भगवान विष्णु के दस अवतारों में से पहला अवतार मत्स्य यानी मछली है। अतः पूर्णिमा तिथि पर मछली की प्रतिमा घर ले आएं और घर की उत्तर दिशा में स्थापित करें।
हाथी की प्रतिमा ले आएं
सनातन धर्म में गजानन यानी गणपति जी की पूजा-उपासना सबसे पहले की जाती है। हाथी को धन का प्रतीक माना जाता है। हाथी की पूजा करने से मां लक्ष्मी और गणेश जी प्रसन्न होते हैं। उनकी कृपा से घर में सुख और समृद्धि आती है। अगर आप आर्थिक तंगी को दूर करना चाहते हैं, तो पूर्णिमा तिथि पर हाथी की प्रतिमा घर ले आएं। इस उपाय को करने से धन का आगमन होता है। साथ ही परिवार के सदस्यों के मध्य प्यार और स्नेह बना रहता है।