ऐसी मान्यता है कि हरसिंगार के पौधे की उत्पत्ति समुद्र मंथन के दौरान हुई थी और यह देवताओं को मिला था। स्वर्ग में इंद्र ने अपनी वाटिका में इसे लगाया था। इसके अलावा पारिजात के फूलों को खासतौर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के पूजन के लिए इस्तेमाल किया जाता है। जहां अन्य फूलों को जमीन पर गिरने के बाद प्रयोग में नहीं लाया जाता, वहीं हरसिंगार को लेकर ये मान्यता है कि केवल उन्हीं फूलों को इस्तेमाल किया जाता है, जो अपने आप पेड़ से टूटकर नीचे गिर जाते हैं। ऐसी मान्यता है कि जहां भी यह पौधा होता है वहां माता लक्ष्मी का साक्षात निवास होता है।
वास्तु दोष के लिए हरसिंगार
जिसके भी घर में या फिर आस-पास भी होता है उसके घर के सभी तरह के वास्तुदोष दूर हो जाते हैं। इस पौधे को लगाने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। वास्तुदोष दूर करने के लिए इसे घर के उत्तर या पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। साथ ही हरसिंगार के फूल को देखने से जीवन में सुकून आता है। घर के लोगों का मानसिक तनाव दूर होता है, और सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ता है।
व्यापार में उन्नति के लिए करें ये उपाय
अगर आपको काफी मेहनत के बाद भी नौकरी या व्यापार में उन्नति नहीं मिल रही, तो हरसिंगार के 21 फूल को लाल कपड़े में बांधकर घर या अपने व्यापार स्थल पर माता लक्ष्मी के पास रख दें। मान्यता है कि ऐसा करने से व्यापार में तरक्की होती है, और नौकरी करने वाले लोगों के करियर में अच्छे अवसर आते हैं।
कर्ज से मिलेगा छुटकारा
यदि आपका धन कहीं पर अटक गया है, या फिर आप कर्ज से मुक्ति पाना चाहते हैं, इसके लिए ये उपाय कर सकते हैं। हरसिंगार के पौधे की जड़ का एक टुकड़ा लेकर उसे लाल कपड़े में बांधकर माता लक्ष्मी के सामने रख देना है। इसके बाद विधिवत रूप से माता लक्ष्मी और जड़ की पूजा करें। इसके बाद जड़ पर हल्दी व सिंदूर का तिलक लगाएं। इसके बाद कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें। पूजा करने के बाद जड़ को घर के धन के स्थान या अपने पर्स में रख लें। इस उपाय से आपको जल्द ही कर्ज से मुक्ति मिलेगी और अटका हुआ धन मिल जाएगा।
इस उपाय से दूर रहेंगे रोग
हरसिंगार के फूलों का उपयोग न सिर्फ पूजा पाठ में किया जाता है, बल्कि आयुर्वेद में सेहत के लिए भी यह लाभकारी माना गया है, हरसिंगार के पत्तों से तैयार किया गया पेस्ट ब्लड प्रेशर और डायबिटीज को कम कर सकता है। पाचन शक्ति बढ़ाने के लिए भी इसके पत्ते और फूलों का इस्तेमाल किया जाता है। गठिया के रोग में इसके फूलों का इस्तेमाल बहुत लाभ देता है।