दीपों के त्योहार दीपावली के तुरंत बाद गोवर्धन पूजा की जाती है. गोवर्धन पूजा को अन्नकूट पूजा भी कहा जाता है. हिन्दू पंचांग के अनुसार इस साल गोवर्धन पूजा 14 नवंबर 2023 को मनाया जाएगा. कार्तिक माह शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है. हालांकि कभी-कभी तिथियों की वजह से दीवाली और गोवर्धन पूजा के बीच एक दिन का अंतर हो जाता है. आइए जानते हैं गोवर्धन पूजा विधि, मूल मंत्र और आरती के बारे में.

गोवर्धन और गाय की पूजा का विशेष महत्व
हिन्दू पंचांग के अनुसार,  इस दिन गोवर्धन और गाय की पूजा का विशेष महत्व होता है. इस दिन लोग घर के आंगन में गोबर से गोवर्धन पर्वत का चित्र बनाकर गोवर्धन भगवान की पूजा करते हैं. 

गोवर्धन पूजा विधि
गोवर्धन पूजा के दिन सुबह कपड़े पहनें. इस दिन भगवान कृष्ण के लिए 56 प्रकार के व्यंजन बनाए जाते हैं. अगर ये संभव न हो तो इस दिन गेहूं, चावल जैसे अनाज, बेसन से बनी कढ़ी और पत्ते वाली सब्जियों से बने भोजन का भोग लगाएं.  खुली जगह पर गाय के गोबर से गोवर्धन बनाएं.  इसमें दीपक, सींख (झाड़ू झाड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री) और मोमबत्तियों से सजाएं.  इसके बाद परिवार के लोग पूजा करते हैं. पूजा के दौरान कथा पढ़ें और गोवर्धन की परिक्रमा करें. फिर ब्रज के देवता गिरिराज भगवान को प्रसन्न करने के लिए अन्नकूट भोग लगाएं. अन्नकूट में 56 प्रकार के खाद्य पदार्थ शामिल किए जाते हैं. इस दिन प्रदोष काल (शाम के समय) में विधि-विधान से श्रीकृष्ण भगवान की पूजा की जाती है. इसके साथ ही गोवर्धन पूजा के दिन गाय की पूजा करके उसे गुड़ और हरा चारा खिलाना शुभ माना जाता है. पूजा के समय अगर ये मंत्र पढ़ लेंगे तो गोवर्धन महाराज आपकी सारी मनोकामनाएं पूरी कर देंगे.

गोवर्धन पूजा मंत्र
गोवर्धन धराधार गोकुल त्राणकारक।
विष्णुबाहु कृतोच्छ्राय गवां कोटिप्रभो भव।।