जल्द ही साल 2024 की शुरुआत होने वाली है। सभी को इसका बेसब्री से इंतजार है। नया साल सभी के लिए खास होता है। इस दौरान सभी जीवन में कुछ नया करने की योजना बनाते है। साथ ही कई सकंल्प भी लिए जाते हैं। वहीं नए साल से क्या करना है, कैसे करना है, आदि जैसे सवाल मन में आते हैं। हिंदू धर्म में किसी भी नई चीज की शुरुआत करना बेहद शुभ माना जाता है। कुछ नया करने से न केवल जीवन में सुधार आता है बल्कि जीवन को नई उम्मीद और नई आशाएं भी मिलती हैं। मान्यता है कि आप साल की शुरुआत जिस तरह से करेंगे आपका पूरा साल भी वैसा ही बीतेगा। यही कारण है कि लोग नए साल के पहले दिन खुद से कुछ ऐसे वादे करते हैं जिससे उनका पूरा साल सुख समृद्धि के साथ बीतता है।
पूजा पाठ
नए साल के शुभ अवसर पर आप पूजा पाठ करने का वादा खुद से कर सकते हैं। ऐसा करने से न केवल आपका मन शांत रहेगा बल्कि भगवान की कृपा भी आप पर बनी रहेगी। इस दौरान गाय माता को रोटी खिलाना और भी शुभ होगा। रोजाना ऐसा करने से आपके कष्टों का निवारण हो सकता है।
बड़ों का सम्मान
बड़ों का सम्मान करना आदर है। अक्सर क्रोध में आकर बड़ों के प्रति कुछ ऐसे बोल मुंह से निकल जाते हैं जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंचती है। इसलिए नए साल पर आप बड़ों के प्रति सम्मान और अनुशासन का वादा खुद से करें।
सूर्य को जल
सूर्य को जल चढ़ाने से न केवल दिन अच्छा जाता है बल्कि पूर्वजों का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है। साथ ही मन और आत्मा शुद्ध हो जाती है सुख समृद्धि बनी रहती है।
बुरी आदतों से बचाव
बुरी आदतों से बचाव करना सभी के लिए बेहद जरूरी है। झूठ बोलना, दूसरों को ठेस पहुंचाना और भोजन को बर्बाद करना भी एक बुरी आदत है। बुरी आदत न केवल व्यक्ति के लिए हानिकारक है बल्कि उसके परिवार के लिए भी वह कष्टदायी होती है। इसलिए नए साल पर बुरी आदतों से बचाव का वादा खुद से करें।
वाणी पर नियंत्रण
धार्मिक ग्रंथों में कहा गया है कि वाणी की मधुरता से व्यक्ति सफल बन सकता है और ऐसे लोगों को हर जगह सम्मान मिलता है। यही नहीं मीठा बोलने से शत्रु को भी मित्र बनाया जा सकता है। आमतौर पर क्रोध में आकर व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को कटु वचन बोल देता है। हालांकि, ऐसा करना सही नहीं है। इसलिए इस नए साल पर वाणी पर नियंत्रण बनाए रखने का प्रण लें।