सपने देखना हमारे शरीर के अंदर होने वाली ऐसी प्रक्रिया है, जिसके पीछे के स्पष्ट कारण अब तक नहीं खोजे जा सकें. हालांकि सपने में दिखने वाली चीजों, घटनाओं या स्थितियों को लेकर विज्ञान और ज्योतिष में कई बातें बताई गई हैं.
तकरीबन हर आदमी नींद में सपने जरूर देखता है. फिर चाहे वह नवजात बच्चा हो या बुजुर्ग व्यक्ति. ये सपने कई बार व्यक्ति को खुशी से सराबोर कर देते हैं तो कई बार डरावने सपने रातों की नींद उड़ा देते हैं. हालांकि जरूरी नहीं है कि सुबह तक वह सपने व्यक्ति को याद रहें. लेकिन उनका असर कई बार लंबे समय तक रह सकता है.
विज्ञान और ज्योतिष दोनों में है अहम माने गए सपने
सपने एक ऐसी चीज हैं जिसे विज्ञान भी अहम मानता है और ज्योतिष में तो सपनों की महत्ता, सपनों के मतलब और विश्लेषण पर पूरा का पूरा स्वप्न शास्त्र लिखा गया है. विज्ञान में सपने आने के पीछे व्यक्ति की मनोदशा, उसके साथ हुईं घटनाओं और अवचेतन मन में चल रहे विचारों को वजह माना जाता है. वहीं ज्योतिष में सपनों को शुभ-अशुभ बताते हुए भविष्य में को लेकर मिलने वाले संकेतों के लिहाज से बहुत अहम माना गया है.
क्या कहता है विज्ञान?
सपनों के आने, उनके मतलब और उनसे मिलने वाले भविष्य के संकेतों को लेकर न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. पवन राज कहते हैं, 'सपने देखना चेतना की एक ऐसी अवस्था है जिसमें व्यक्ति कई तरह के अनुभव लेता है. लेकिन सपने क्यों आते हैं इसका अब तक कोई स्पष्ट जबाव नहीं मिल सका है. लोगों को सबसे ज्यादा सपने किन चीजों के आते हैं, या वे सपने आने के बाद उनके साथ किस तरह की घटनाएं हुईं इसकी कोई सामान्य सूची नहीं है. हालांकि कई रिसर्चर्स का कहना है कि सपने भविष्य की भविष्यवाणी कर सकते हैं लेकिन इसके बहुत कम वैज्ञानिक प्रमाण हैं. लेकिन एक बात लोगों को याद रखना चाहिए कि यदि उन्हें लगातार अजीब सपने आएं या सपनों से जुड़ी कोई स्थिति उन्हें दिन में भी परेशान कर रही हो तो उन्हें किसी मनोविशेषज्ञ से मिलकर इसका समाधान जरूर खोजना चाहिए.