फिट और एक्टिव रहने के लिए पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है। जिस दिन हमारी नींद पूरी नहीं होती है, उस दिन हम ज्यादा थकावट महसूस करते हैं। नींद न आना एक गंभीर समस्या है, क्योंकि इसके कारण शरीर को पर्याप्त आराम नहीं मिलता है। इसके कारण आपको मेंटल और फिजिकल हेल्थ से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही, यह चिड़चिड़ापन और गुस्सा जल्दी आने जैसी समस्याओं का कारण भी बन सकता है। लेकिन नींद न आने से बॉडी और ब्रेन दोनों ही ठीक से काम नहीं कर पाते हैं। इसलिए रोज सात से नौ घंटे की नींद लेना बेहद जरूरी माना जाता है। कई लोगों को दिन भर थके होने के बावजूद नींद नहीं आ पाती है। इसका कारण लाइफस्टाइल से जुड़ी कुछ गलतियां हो सकती हैं। लेकिन अगर कुछ आयुर्वेदिक तरीके अपनाए जाएं, तो इस समस्या से राहत पाई जा सकती है। आइए इस लेख में जानें नींद न आने पर क्या तरीके अपनाए जाएं।
नींद से जुड़ी समस्याओं के लिए अपनाएं ये आयुर्वेदिक तरीके-
सर्कैडियन रिदम
अगर आप सर्कैडियन रिदम के मुताबिक अपने शरीर को ढ़ालेंगे, तो आपको समय पर नींद आएगी। सर्कैडियन रिदम हमारी बॉडी की एक स्थिति होती है, जिसमें हमारी बॉडी रेस्ट मोड पर जाने के लिए तैयार होती है। रात में 10 बजे से 2 बजे तक का समय नींद लेने के लिए सबसे बेहतर होता है। इसलिए कोशिश करें कि आप रात में 10 बजे से पहले ही सोने के लिए चले जाएं।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से दूरी बनाएं
सोने से करीब एक घंटे पहले ही सारे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से दूरी बना लें। इस दौरान आप किसी हल्के-फुल्के कामों में भी ध्यान लगा सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से ब्लू लाइट निकलती है, जो मेलेटोनिन का प्रोडक्शन कम करती है। मेलेटोनिन हार्मोन है जो हमारी बॉडी डार्कनेस होने पर प्रड्यूज करती है। यह आपकी सोने और उठने की पूरी स्लीप साइकिल को प्रभावित कर सकती है। साथ ही, स्क्रीन एक्सपॉजर ज्यादा होने से आपके माइंड के लिए फोकस करना भी मुश्किल हो सकता है।
दूध में जायफल लें
दूध में जायफल का पाउडर डालकर सेवन करने से आपको जल्द असर दिख सकता है। इसलिए सोने से एक घंटा पहले दूध में एक चुटकी जायफल का पाउडर डालकर सेवन करें। लेकिन अगर आपको जायफल पसंद नहीं, तो आप हल्दी वाले दूध का सेवन भी कर सकते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
बॉडी और माइंड के रिलैक्स रखने के लिए आप तेल की मसाज भी कर सकते हैं। इसके लिए आप तिल के तेल से हाथ और पैरों की मालिश कर सकते हैं। यह ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाने और बॉडी को रिलैक्स रखने में मदद कर सकता है। कमरे का तापमान अपने मुताबिक रखें। क्योंकि इसके कारण भी आपको नींद लेने में परेशानी हो सकती है।