बहुत से लोगों की कोहनी काली हो जाती है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। कुछ घरेलू उपायों की मदद से कोहनी का कालापन दूर किया जा सकता है।
ऐसा शायद ही कोई हो जिसे खूबसूरत दिखना पसंद नहीं होता है। चेहरे की केयर के बावजूद कई बार कोहनी और घुटने का कालापन शर्मिंदगी की वजह बन जाता है। कोहनी का कालापन कई वजह से हो सकता है। स्किन प्रॉब्लम्स के साथ ही की बार ठीक ढंग से कोहनी की साफ-सफाई न होने की वजह से उसमें कालापन जम जाता है।
कोहनी का कालापन दूर करने के लिए कुछ घरेलू उपाय कारगर साबित होते हैं। ये बेहद आसान होम रेमेडीज़ हैं जिन्हें सरलता से अप्लाई किया जा सकता है। आइए इनके बारे में जानते हैं।
5 घरेलू उपाय आएंगे काम
नींबू रस और शहद - कोहनी के कालेपन से परेशान हैं तो नींबू रस और शहद का नुस्खा आज़माएं। इसके लिए एक कटोरी में एक चम्मच शहद और आधा नींबू का रस निचोड़कर मिक्स करें। इस पेस्ट को 15-20 मिनट के लिए कोहनी पर लगाएं। इसके बाद गर्म पानी से धो लें।
आलू - स्किन का कालापन दूर करने में आलू असरदार नुस्खा साबित होता है। इसमें पाए जाने वाले कंपाउंड स्किन ब्लैकनेस दूर करते हैं। कोहनी का कालापन दूर करने के लिए आलू को उबालकर पीस लें और उसे कोहनी पर आधा घंटा लगाएं, फिर गुनगुने पानी से धो लें।
दही और हल्दी - कोहनी की ब्लैकनेस दूर करने में दही, हल्दी का नुस्खा भी कारगर है। इसके लिए एक छोटे चम्मच दही में आधा चम्मच हल्दी मिलाएं। इस पेस्ट को कोहनी पर लगाकर 15 मिनट तक रखें, उसके बाद पानी से क्लीन कर लें।
नारियल तेल - एंटी बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुणों से भरपूर नारियल के तेल से कोहनी का कालापन दूर होता है। सोने से पहले गुनगुना नारियल तेल कोहनी पर लगाएं। अगले दिन गर्म पानी से इसे धो लें।
एलोवेरा जेल - स्किन के लिए एलोवेरा जेल बहुत लाभकारी होता है। कोहनी का कालापन दूर करने के लिए एलोवेरा जेल को लगाएं। कुछ दिनों में ही असर दिखाई देने लगेगा।