आज मंगलवार को फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष का प्रदोष व्रत है. यह भौम प्रदोष व्रत है. हर माह की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है. हिन्दू कैलेंडर के अनुसार, फाल्गुन शुक्ल त्रयोदशी तिथि आज दोपहर 01:12 बजे शुरु हो रही है, जो कल बुधवार को दोपहर 01:39 बजे समाप्त होगी. आज शाम को प्रदोष पूजा का मुहूर्त (Pradosh Puja Muhurat) 06:29 बजे से रात 08:53 बजे तक है. आज सुकर्मा योग, रवि योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का सुंदर संयोग बना हुआ है. प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव की पूजा प्रदोष मुहूर्त में करते हैं. मंगलवार प्रदोष व्रत और पूजा करने से उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है. आइए जानते हैं भौम प्रदोष व्रत एवं पूजा में ध्यान रखने वाली प्रमुख बातें
भौम प्रदोष व्रत एवं पूजा: ध्यान रखने वाली बातें
1. आज स्नान करने के बाद साफ वस्त्र पहनें. फिर पूजा स्थान की साफ सफाई कर लें. उसके बाद हाथ में जल, अक्षत् एवं पुष्प लेकर भौम प्रदोष व्रत एवं शिव पूजा का संकल्प लें.
2. प्रदोष व्रत की पूजा शाम को करते हैं. ऐसे में आप सुबह में भगवान शिव की दैनिक पूजा कर लें. फिर दिन में फलाहार करें. शिव भक्ति में समय व्यतीत करें.
3. व्रत के समय में सोने की मनाही होती है. इस वजह से आज दोपहर में न सोएं. व्रत के समय में सोने से दोष लगता है.
4. शाम के समय में घर पर या फिर किसी शिव मंदिर में पूजा करें. प्रदोष व्रत के दिन शिवलिंग की पूजा करते हैं. उनका अभिषेक करते हैं.
5. शिवलिंग का गंगाजल और गाय के दूध से अभिषेक करते हैं. फिर भोलेनाथ को भांग, धतूरा, बेलपत्र, शमी का पत्ता, अक्षत्, सफेद चंदन, फूल, फल, मिठाई आदि अर्पित करते हुए पूजा करते हैं. इस दौरान शिव पंचाक्षर मंत्र ओम नम: शिवाय का उच्चारण करते हैं.
6. शिव पूजा में सिंदूर, हल्दी, शंख, तुलसी का पत्ता, केतकी एवं केवड़े का फूल आदि न चढ़ाएं. ये वस्तुएं शिव पूजा में वर्जित हैं. इनका उपयोग करने से महादेव क्रोधित हो सकते हैं, इसलिए इनका उपयोग न करें.
7. पूजा के समय भौम प्रदोष व्रत कथा का पाठ या श्रवण अवश्य करें. व्रत कथा के पाठ से व्रत का पूर्ण फल प्राप्त होता है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं. आपको शिव मंत्र का उच्चारण करने में कठिनाई होती है, तो आप शिव चालीसा का पाठ कर सकते हैं.
8. पारण करने के बाद ही व्रत को पूर्ण माना जाता है. आपके यहां प्रदोष व्रत का पूजन करने के बाद रात्रि में पारण करने का विधान है, तो वैसे ही पारण करें. यदि अगले दिन सूर्योदय के बाद करते हैं, तो उस समय कर लें.