हमारी कुंडली में शुभ ग्रहों की स्थिति ठीक रहने पर, जातक को जीवन में सभी प्रकार के सुखों की प्राप्ति होती है. वहीं अशुभ ग्रहों के प्रभावी होने पर जीवन में ढेर सारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. साथ ही आर्थिक स्थिति बदहाल हो जाती है. सनातन धर्म में ज्योतिष शास्त्र का विशेष महत्व है.

ज्योतिष कुंडली देखकर भविष्य की गणना करते हैं. आप भी अपने जीवन में विषम परिस्थिति से गुजर रहे हैं, तो राशि अनुसार यह रत्न धारण कर सकते हैं. ऐसा करने से सुख, सौभाग्य के साथ ही आय में अपार वृद्धि होती है. तो आइए जानते हैं कि राशि अनुसार कौन सा रत्न धारण करना चाहिए.

राशि के अनुसार रत्न…
1. मेष राशि:- इस राशि के स्वामी मंगल देव हैं और आराध्य भगवान हनुमान जी हैं. इस राशि के जतकों को सुख, समृद्धि एवं धन प्राप्ति हेतु मूंगा धारण करना चाहिए. इसके साथ ही इस राशि के जातक मूंगा के अलावा, पुखराज एवं माणिक भी धारण कर सकते हैं.

2. वृषभ राशि:- इस राशि के स्वामी शुक्र देव हैं एवं आराध्या जगत जननी आदिशक्ति मां दुर्गा हैं. इस राशि के जातकों को एक रत्ती हीरा धारण करना चाहिए. साथ ही अगर आर्थिक स्थिति सबल नहीं है, तो इस राशि के जातक पन्ना या नीलम भी धारण कर सकते हैं.

3. मिथुन राशि:- इस राशि के स्वामी ग्रहों के राजकुमार बुध देव हैं एवं आराध्य भगवान गणेशजी हैं. इस राशि के जातकों को सुख, समृद्धि एवं धन प्राप्ति के लिए पन्ना रत्न धारण करना चाहिए. साथ हीविकल्प में इस राशि के जातक हीरा या नीलम रत्न भी धारण कर सकते हैं.

4. कर्क राशि:- इस राशि के स्वामी चंद्र देव हैं एवं आराध्य भगवान शिव जी हैं. इस राशि के जातकों को सौभाग्य में वृद्धि के लिए मोती रत्न धारण करना चाहिए. इसके साथ ही आप चांदी से निर्मित आभूषण भी धारण कर सकते हैं. इससे कुंडली में चंद्रमा मजबूत होता है.

5. सिंह राशि:- इस राशि के स्वामी सूर्य देव हैं एवं आराध्य भगवान विष्णु जी हैं. इस राशि के जातकों को करियर एवं कारोबार में मन मुताबिक सफलता पाने के लिए माणिक रत्न धारण करना चाहिए. इसके अलावाचाहे तो माणिक के विकल्प में मूंगा या पुखराज भी धारण कर सकते हैं.

6. कन्या राशि:- इस राशि के स्वामी ग्रहों के राजकुमार बुध देव हैं एवं आराध्य भगवान गणेश जी हैं. इसके साथ ही बुध देव कन्या राशि में उच्च के होते हैं. इस राशि के जातकों को सुख, समृद्धि एवं धन प्राप्ति के लिए पन्ना रत्न को धारण करना चाहिए.

7. तुला राशि:- इस राशि के स्वामी शुक्र देव हैं एवं आराध्या जगत जननी आदिशक्ति मां दुर्गा हैं. इस राशि के जातकों को आय एवं सौभाग्य में वृद्धि के लिए हीरा धारण करना चाहिए. इस राशि के जातक इस रत्न के धारण करने से कुंडली में सुखों के कारक शुक्र ग्रह मजबूत होता है.

8. धनु राशि:- इस राशि के स्वामी देवगुरु बृहस्पति हैं एवं आराध्य भगवान विष्णु जी हैं. इस राशि के जातकों को सुख, समृद्धि एवं धन प्राप्ति के लिए पुखराज धारण करना चाहिए. इससे इनकी कुंडली में गुरु मजबूत होता है. साथ ही पुखराज धारण करने से जीवन में पैसे की कभी कमी नहीं होती है.

9. वृश्चिक राशि:- इस राशि के स्वामी मंगल देव हैं एवं आराध्य भगवान हनुमान जी हैं. इस राशि के जातकों को धन प्राप्ति हेतु मूंगा धारण करना चाहिए. साथ ही इसके अलावा मूंगा, पुखराज एवं माणिक भी धारण कर सकते हैं.

10. मकर एवं कुंभ राशि:- इन दोनों राशियों के स्वामी न्याय के देवता शनिदेव हैं एवं आराध्य भगवान शिव जी हैं. वर्तमान समय में मकर एवं कुंभ राशि के जातक साढ़े साती से पीड़ित चल रहे हैं. मकर एवं कुंभ राशि के जातकों को शनिदेव की कृपा पाने के लिए नीलम रत्न धारण करना चाहिए. इससे इनके करियर एवं कारोबार में असाधारण सफलता मिलती है.

11. मीन राशि:- इस राशि के स्वामी देवगुरु बृहस्पति हैं एवं आराध्य भगवान विष्णु जी हैं. इस राशि के जातकों को सुख, सौभाग्य एवं आय में वृद्धि पाने के लिए पुखराज धारण करना चाहिए. इससे इनकी कुंडली में गुरु मजबूत होता है. पुखराज धारण करने से जीवन में पैसे की कभी कमी नहीं होती है.