कामदा एकादशी प्रतिवर्ष चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि के दिन मनाई जाती है. इस साल कामदा एकादशी का व्रत 8 अप्रैल को रखा जाएगा. हिंदू धर्म में इस एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कामदा का अर्थ हर कामना को पूर्ण करने वाली, इसलिए इस दिन व्रत रखने से जातक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.

इसके अलावा इस दिन भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करने पर जातक को शुभ फलों की प्राप्ति होती है. वहीं अगर कुछ विशेष वस्तुओं का दान किया जाए तो भी भक्तों की समस्त इच्छाओं की पूर्ति होती है. तो कामदा एकादशी के दिन किन-किन चीजों का दान करना शुभ माना जाता है इस बारे में जानते हैं.

कामदा एकादशी पर करें ये दान
वस्त्र
कामदा एकादशी पर वस्त्र दान करना भी शुभ माना जाता है. आप अपने सामर्थ्य के अनुसार इस दिन नए व पुराने लेकिन साफ-सुथरे वस्त्रों का किसी जरूरतमंद को दान कर सकते हैं. ऐसा करने से जातक को आर्थिक परेशानियों से छुटकारा मिलता है व जीवन में खुशहाली आती है.
अन्न और जल
कामदा एकादशी के दिन अन्न और जल का दान अत्यधिक पुण्यकारी माना जाता है. खासकर उन लोगों को जो लोग इस दिन उपवास या फिर निर्जला व्रत रहते हैं, उन्हें जल दान करने से विशेष लाभ मिलता है. इसके अतिरिक्त गरीब और जरूरतमंदों को भोजन देने से घर में हमेशा अन्न की भरपूरता बनी रहती है और समृद्धि का वास होता है.
धार्मिक पुस्तकें
धार्मिक पुस्तकों का दान ज्ञान और सकारात्मकता का प्रतीक होता है. इस दिन आप श्रीमद्भागवत गीता या विष्णु सहस्रनाम जैसी धार्मिक पुस्तकें दान कर सकते हैं. इससे आध्यात्मिक उन्नति होती है और जीवन में शांति बनी रहती है.

फल और मिठाई
भगवान विष्णु को फल और मिठाई बहुत प्रिय हैं. कामदा एकादशी के दिन इनका दान करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और भक्तों की सभी इच्छाएं पूरी होती हैं. एकादशी के दिन आप अपने पसंद के फल या मिठाई दान कर सकते हैं और अगर संभव होता केले या पीले रंग की मिठाई भी दान कर सकते हैं.