रत्न शास्त्र में कुछ ऐसे रत्नों के बारे में जानकारी दी गई है जो कि आपकी किस्मत बदल सकते हैं. अगर किसी व्यक्ति का बुध कमजोर है तो उसे नौकरी व व्यापार में कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. क्योंकि बुध ग्रह को बुद्धि का ग्रह कहा जाता है. ऐसे में उस व्यक्ति को पन्ना रत्न पहनना चाहिए क्योंकि पन्ना बुध ग्रह का रत्न माना गया है.
मान्यता है कि पन्ना रत्न पहनने से व्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ता है और बुद्धि तेज होती है.यदि किसी व्यक्ति को नौकरी या व्यापार के क्षेत्र में नुकसान हो रहा है तो पन्ना धारण करने से उसे लाभ मिलता है. इस रत्न को धारण करने वाले जातक को आरोग्य सुख की प्राप्ति होती है. इसके अलावा पन्ना रत्न पहनने से घर में जीवन में आ रही परेशानियां समाप्त हो जाती है.
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार बुधवार को जन्मे लोगों के लिए पन्ना रत्न धारण करना बहुत ही शुभ होता है. इसके अलावा कुछ राशियों के लिए पन्ना रत्न को शुभ माना गया है.
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार वैसे तो पन्ना रत्न सभी राशियों के लिए बहुत ही शुभ माना गया है. लेकिन वृषभ, मिथुन, कन्या, तुला, मकर और कुंभ राशि के जातकों के लिए पन्ना रत्न शुभ होने के साथ ही फायदेमंद भी होता है.
पन्ना रत्न का सीधा संबंध बुध ग्रह से होता है और बुध का संबंध करियर से होता है. जिनकी राशि में बुध मजबूत होता है उन्हें करियर व बिजनेस के क्षेत्र में सफलता मिलती है. वहीं बुध को मजबूत करने के लिए पन्ना रत्न बहुत ही फायदेमंद माना गया है.
पन्ना हमेशा सीधे हाथ की कनिष्ठा उंगली में धारण किया जाता है. इसके अलावा हरे धागे या चांदी की चेन में भी लॉकेट के रूप में पन्ना धारण किया जा सकता है. पन्ना धारण करने के लिए बुधवार का दिन शुभ होता है. इस दिन सुबह गाय के कच्चे दूध और गंगाजल से पन्ना रत्न का अभिषेक करें और बुध मंत्र का तीन माला तक जाप करें. इसके बाद पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके पन्ना धारण करें.