आजकल ईएमआई के दौर में घर से लेकर मोबाइल तक कपड़ों से लेकर जूतों तक हर चीज में ईएमआई का ऑप्शन मिलने लगा है। लोग छोटी से लेकर बड़ी चीजों के लिए लोन लेने में कोई गुरेज नहीं कर रहे हैं। यदि यह लोन इतना है जिसे आप बिना किसी परेशानी के चुका पा रहे हैं, तो ठीक है। 
मगर, यदि आप लोन के बोझ में दबे जा रहे हैं। चाहकर भी उस लोन को चुका नहीं पा रहे हैं या डिफाल्ट हो रहे हैं, तो हो सकता है कि आपकी बेफजूल खर्च करने की आदत के साथ ही आपके घर का वास्तु दोष कुछ हद तक इसके लिए जिम्मेदार हो। 
दरअसल, घर में वास्तु दोष होने पर भी इस तरह की परेशानियां होने लगती हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में तीन दिशाओं के खराब होने पर कर्ज बढ़ने लगता है और खत्म ही नहीं होता है। घर के उत्तर-पश्चिम दिशा को वायव्य कोण कहते हैं। दक्षिण-पूर्व की दिशा को अग्निकोण और उत्तर-पूर्व की दिशा को ईशान कोण कहते हैं। 

पैसों की आवक होने लगती है कम 
इन दिशाओं में वास्तु दोष होने से धन संबंधी समस्याएं होने लगती है। पैसों की आवक कम होने लगती है और खर्च बढ़ने लगते हैं। लिहाजा, व्यक्ति कर्ज लेने के लिए या तो मजबूर हो जाता है, या फिजूलखर्ची इतनी बढ़ जाती है कि उसे कर्ज लेना पड़ता है, जो आगे चलकर आर्थिक संकट खड़ा कर देता है। 

उत्तर-पश्चिम दिशा में दोष होने से बार-बार कर्ज लेने की स्थिति उत्पन्न होती है। दक्षिण-पूर्व दिशा में वास्तु दोष होने से लगातार खर्चों में वृद्धि होती है, जिससे कर्ज चुकाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। 

लोन जल्दी चुकाने के लिए क्या करें 
वायव्य कोण, अग्नि कोण और ईशान कोण में गंदगी न रखें।
घर में साफ-सफाई रखें, यथासंभव पानी की बर्बादी न करें। 
घर में शीशा ऐसी जगह लगाएं, जहां सोते समय प्रतिबिंब न दिखे। 
घर में लाल रंग का इस्तेमाल करें, जो पॉजिटिविटी बढ़ाता है। 
धन में वृद्धि के लिए पीतल, तांबे या चांदी का पिरामिड रखें।