वैशाख माह की विनायक चतुर्थी आने वाली है. वैशाख शुक्ल चतुर्थी तिथि को विनायक चतुर्थी व्रत रखा जाएगा और भगवान गणेश जी की पूजा की जाएगी. वैशाख की विनायक चतुर्थी मई माह की पहली चतुर्थी है. विनायक चतुर्थी व्रत की पूजा दोपहर तक कर लेते हैं क्योंकि इस व्रत में चंद्रमा का दर्शन करना वर्जित होता है. यदि कोई गलती से भी विनायक चतुर्थी को चंद्रमा देख लेता है, उस झूठा ​कलंक लगता है. पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र से जानते हैं विनायक चतुर्थी (Vinayak Chaturthi) की सही तिथि एवं पूजा मुहूर्त के बारे में.

विनायक चतुर्थी 2022 तिथि
पंचांग के अनुसार, इस साल वैशाख मा​ह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 04 मई दिन बुधवार को सुब​ह 07 बजकर 32 मिनट पर शुरु हो रही है. यह तिथि 05 मई दिन गुरुवार को सुब​​ह 10 बजे तक रहेगी. उदयातिथि के आधार पर वैशाख माह की विनायक चतुर्थी व्रत 04 मई को रखा जाएगा.

विनायक चतुर्थी 2022 पूजा मुहूर्त
विनायक चतुर्थी के दिन 04 मई को गणेश जी की पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजकर 58 मिनट से दोपहर 01 बजकर 38 मिनट तक है. इस मुहूर्त में आपको विनायक चतुर्थी की पूजा कर लेनी चाहिए. इस दिन बुधवार भी है. बुधवार को गणेश जी की पूजा करने का विधान है.

सर्वार्थ सिद्धि योग में है विनायक चतुर्थी
वैशाख की विनायक चतुर्थी सर्वार्थ सिद्धि योग में है. इस योग में किए गए कार्य सफलता प्रदान करने वाले होते हैं. विनायक चतुर्थी पर सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग पूरे दिन हैं. हालांकि इस दिन अभिजित मुहूर्त नहीं है.

विनायक चतुर्थी के दिन भगवान ​गणेश जी की पूजा लाल फूल, मोदक, दूर्वा, अक्षत्, चंदन, लड्डू, धूप, दीप, गंध आदि से करना चाहिए. जो लोग व्रत रखते हैं, उनको व्रत कथा का पाठ करना चाहिए. पूजा का समापन गणेश जी की आरती से करनी चाहिए. इस व्रत को करने से मनोकामनाएं पूरी ​होती हैं, सुख, सौभाग्य एवं समृद्धि बढ़ती है.