ज्योतिष शास्त्र में जीव-जंतुओं की सेवा को बहुत पुण्यकारी माना गया है। ज्योतिष के अनुसार, हमारे आसपास रहने वाले पशु-पक्षी किसी न किसी ग्रह से जुड़े होते हैं। जब कुंडली में ग्रहों की स्थिति खराब होती है, तो व्यक्ति को मानसिक तनाव, शारीरिक कष्ट और धन की कमी का सामना करना पड़ता है।

ज्योतिष के अनुसार, अगर हम इन बेजुबान प्राणियों को भोजन कराते हैं और उनकी सेवा करते हैं, तो ग्रहों के नकारात्मक प्रभाव कम होने लगते हैं।

सूर्य और चंद्रमा को खुश करने के तरीके
सूर्य को सभी ग्रहों का राजा माना जाता है। अगर सूर्य कमजोर हो तो मान-सम्मान और सेहत पर असर पड़ता है। इसे मजबूत करने के लिए रविवार को लाल गाय को गुड़ और गेहूं खिलाना चाहिए। वहीं, चंद्रमा मन का स्वामी है। मानसिक शांति और घर के कलेश दूर करने के लिए सोमवार को सफेद गाय को रोटी और पानी देना चाहिए।

मंगल, बुध, गुरु और शुक्र के उपाय
मंगल ग्रह के खराब होने पर व्यक्ति को कर्ज और गुस्से का सामना करना पड़ता है। इसकी शांति के लिए बंदरों को गुड़ और चने खिलाना फायदेमंद होता है। व्यापार और बुद्धि के स्वामी बुध को शांत रखने के लिए बुधवार को गाय को हरा चारा खिलाना चाहिए और पक्षियों को दाना डालना चाहिए।

सुख और ज्ञान के कारक बृहस्पति (गुरु) को अनुकूल बनाने के लिए गुरुवार को गाय को हल्दी लगी रोटी और चने की दाल दें। भौतिक सुखों के लिए शुक्र ग्रह की मजबूती जरूरी है। इसके लिए सफेद पक्षियों को दाना-पानी दें या सफेद गाय को चावल और चीनी खिलाएं।

शनि, राहु और केतु की शांति
शनि देव को न्याय का देवता माना गया है। शनि की साढ़ेसाती या ढैय्या के असर को कम करने के लिए काले कुत्ते को सरसों के तेल से चुपड़ी हुई रोटी खिलाना सबसे अच्छा उपाय है। राहु की शांति के लिए काले कुत्ते या पक्षियों को बाजरा डालें, जबकि केतु के अशुभ प्रभाव से बचने के लिए कुत्तों की सेवा करना फलदायी होता है।

मछलियों को आटे की गोलियां खिलाने से धन के रास्ते खुलते हैं और चींटियों को शक्कर मिला आटा डालने से राहु-केतु के दोष शांत होते हैं। नियमित रूप से पक्षियों के लिए छत पर दाना-पानी रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है।