ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की निर्जला एकादशी (Nirjala Ekadashi) 10 जून शुक्रवार को है. एकादशी व्रत हर माह में दो बार होता है. एक वर्ष में करीब 24 या 25 एकादशी व्रत होते हैं. काफी संख्या में लोग एकादशी व्रत रखते हैं, लेकिन कुछ लोग किन्हीं कारणों से एकादशी या कोई भी व्रत नहीं रख पाते हैं. ऐसे लोग चाहते हैं कि कुछ ऐसा उपाय हो कि पूरे वर्ष एकादशी व्रत न रहना पड़े और व्रत का पुण्य भी मिल जाए. ऐसा ही भीम ने भी सोचा था क्योंकि उनकी समस्या थी कि वे बहुत भोजन करते थे और एक प्रहर भी बिना भोजन के रहना उनके लिए कठिन था.
जो लोग पूरे साल एकादशी व्रत नहीं रख सकते हैं, उनको निर्जला एकादशी व्रत रखना चाहिए. इस व्रत को सभी एकादशी व्रतों में उत्तम माना जाता है. एक तो यह व्रत काफी कठिन होता है, लेकिन इसका पुण्य फल पूरे सालभर के एकादशी व्रतों का होता है. इसका अर्थ यह है कि जो व्यक्ति केवल निर्जला एकादशी व्रत रखता है, उसे सारे एकादशी व्रतों का पुण्य लाभ प्राप्त होता है.
इस उपाय को वेद व्यास जी ने भीम को बताया था, ताकि वे निर्जला एकादशी व्रत करके ही अपने पापों से मुक्त होकर मोक्ष को प्राप्त करें. भीम सेन ने इस एकादशी व्रत को किया था, इस वजह से इसे भीमसेनी एकादशी भी कहा जाता है.
निर्जला एकादशी व्रत का शुभ मुहूर्त
ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी की शुरूआत: 10 जून, प्रात: 07:25 एएम से
ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी की समाप्ति: 11 जून, प्रात: 05:45 एएम पर
रवि योग: प्रात: 05:23 एएम से अगले दिन 03:37 एएम तक
पारण समय: 11 जून, 01:44 पीएम से 04:32 पीएम तक
निर्जला एकादशी व्रत की पूजा सामग्री
1. भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की मूर्ति या चित्र
2. पानी वाली नारियल
3. पीले फूल, पीले वस्त्र, फल
4. पंचामृत, तुलसी के पत्ते (माता लक्ष्मी को न अर्पित करें)
5. धूप, दीप, कपूर
6. पान, सुपारी, इलायची, लौंग
7. अक्षत, चंदन, घी, कुमकुम, हल्दी
8. मिठाई या अन्य प्रसाद
9. निर्जला एकादशी व्रत कथा की पुस्तक