सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की नई फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' का टीजर हाल ही रिलीज हुआ, और तभी से इसकी चर्चा हो रही है। फिल्म की कहानी एक रोचक स्थानीय लोककथा से प्रेरित है। टीजर में एक जंगल में एक रहस्यमय मंदिर की कहानी की झलक भी दिखाई गई, जहां दैवीय शक्तियों का अहसास होता है। और अब मेकर्स ने खुलासा किया है कि 'द वन' की कहानी असल में बिहार के एक सदियों पुराने मंदिर 'वन देवी' मंदिर पर आधारित है।

'द वन' को 'पंचायत' सीरीज के दीपक मिश्रा ने डायरेक्ट किया है, जबकि TVF के अरुणाभ कुमार और एकता कपूर प्रोड्यूसर हैं। अरुणाभ ने ही 'द वन' की कहानी भी लिखी है। हाल ही दीपक मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें 'द वन' की कहानी की प्रेरणा कहां से मिली और कैसे फिल्म बनाने का सोचा।

वन देवी मंदिर से जुड़ी सच्ची कहानी पर आधारित है 'द वन'
दीपक मिश्रा और अरुणाभ ने 'एएनआई' को दिए इंटरव्यू में बताया कि पटना के पास स्थित वन देवी मंदिर के साथ एक सच्ची कहानी जुड़ी हुई है और उसी से फिल्म के लिए एक शुरुआती पॉइंट मिला। अरुणाभ कुमार ने बताया कि वन देवी मंदिर जाने और वहां के इतिहास और लोक-कथाओं को जानने वाले लोगों से बात करने के बाद उन्हें इस कहानी में दिलचस्पी हुई। स्थानीय लोगों, पुजारियों और ग्रामीणों के साथ हुई बातचीत के बाद उन्होंने डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा के साथ मिलकर इस कहानी का आइडिया तैयार किया।

16वीं सदी में बनाया मंदिर, सूर्यास्त के बाद जाने की मनाही
अरुणाभ कुमार बोले, 'उस मंदिर के पीछे की कहानी यह है कि इसे 16वीं सदी में बनाया गया था। जंगल में कुछ ऐसी चीजें थीं जो आस-पास के लोगों को परेशान करती थीं। एक परंपरा थी कि लोगों को सूरज डूबने के बाद जंगल में जाने की मनाही थी। यह लोक कथा आज भी प्रचलित है। मैंने स्थानीय लोगों, पुजारियों और ग्रामीणों से बात की। दो साल पहले मैंने दीपक को इस कहानी के बारे में बताया था, और हम दोनों को यह बहुत रोमांचक लगी। तब हम दोनों एकता कपूर के पास गए, और उन्होंने ही कहा कि यह कहानी बड़े पर्दे पर बनने लायक है।'

उस मंदिर के पीछे की कहानी यह है कि इसे 16वीं सदी में बनाया गया था। जंगल में कुछ ऐसी चीजें थीं जो आस पास के लोगों को परेशान करती थीं। एक परंपरा थी कि लोगों को सूरज डूबने के बाद जंगल में जाने की मनाही थी। यह लोक कथा आज भी प्रचलित है। मैंने स्थानीय लोगों, पुजारियों और ग्रामीणों से बात की।

स्पेशल इफेक्ट्स और एनिमेशन से तैयार की वो दुनिया
वहीं, दीपक ने बताया कि कहानी को फिल्म का रूप देना और उसे उसी दुनिया के मुताबिक बनाना आसान नहीं था। इसके लिए सिर्फ नॉर्मल शूटिंग काफी नहीं थी। इसलिए आज की तकनीक के साथ, एनिमेशन और काफी स्पेशल इफेक्ट्स का भी इस्तेमाल किया गया। 'द वन' 25 सितंबर को थिएटर्स में रिलीज होगी। फिल्म में सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, अनूप सोनी और अजय राजू भी हैं।

बिहार का वन देवी मंदिर और उसका रहस्य
बिहार का मां वन देवी मंदिर पटना के बिहटा में स्थित है। यह अमहारा, राघोपुर और कंचनपुर गांवों की सीमा पर स्थित है और करीब 350 से 400 साल पुराना बताया जाता है। इसका निर्माण 16वीं सदी का बताया जाता है। मान्यता है कि मंदिर के कपाट बंद होने के बाद यहां कोई नहीं ठहरता और पुजारी तक घर चले जाते हैं। सूर्यास्त के बाद यहां किसी के भी जाने पर पाबंदी है। ऐसा माना जाता है कि उसके बाद खुद देवी वहां विचरण करती हैं। ऐसा माना जाता है कि एक बार राघोपुर के विद्यानंद मिश्र विंध्याचल माता का पिंड लेकर यहां आए थे। इस मंदिर में देवी का पिंड स्थित है।