09 सितंबर 2022 शुक्रवार के दिन अनंत चतुर्दशी का पावन पर्व मनाया जा रहा है. पुराणों के अनुसार, अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है. सत्यनारायण भगवान के स्वरूप में महा विष्णु ही अनंत रूप हैं. इस दिन भगवान सत्यनारायण के साथ अनंत देव की पूजा भी की जाती है. पांडव काल में भगवान कृष्ण की युक्ति से युधिष्ठिर ने अनंत चतुर्दशी का व्रत किया था, जिसके प्रभाव से पांडव महाभारत के युद्ध में विजयी हुए व कई सालों तक राज करते रहे. इस दिन किस तरह पूजा करें और कुछ सरल उपाय भी बता रहे हैं, जिससे आपको लाभ मिल सकता है.
पूजन विधि
अनंत चतुर्दशी के दिन प्रातः काल ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नानादि से निवृत्त होकर घर की पूर्व दिशा में लाल कपड़ा बिछाकर पीतल के कलश में जल, दूध, सुपारी, कलश में डाल कर उस पर अशोक के पत्ते रखें व नारियल से ढक कर अनंत कलश स्थापित करना चाहिए.
अनंत कलश के पास ही 14 कुश रखें व कुमकुम, केसर, हल्दी, 14 गांठ वाला अनंत सूत्र भी तैयार कर लें. भगवान अनंत की विधिवत पूजा-अर्चना करें. घी का दीपक जलाएं, गुग्गल से धूप करें. लाल फूल, केसर, हल्दी, कुमकुम, गुड़ का भगवान को भोग लगाएं. पूजा के बाद लाल गाय को खिला सकते हैं व सत्यनारायण भगवान का नाम लेते हुए अनंत सूत्र को अपने हाथ में धारण करें.
-अनंत चतुर्दशी के उपाय
-यदि आपका किसी व्यक्ति के साथ कोई पुराना विवाद चल रहा है और आप उससे मुक्ति पाना चाहते हैं तो अनंत चतुर्दशी के दिन सत्यनारायण भगवान के कलश पर चढ़े 14 जायफल बहते हुए जल में प्रवाहित करें. ऐसा करने से आपको जल्द ही विवादों से मुक्ति मिलेगी.
-यदि आप अनायास ही मुसीबतों में पड़ जाते हैं और आप इससे छुटकारा पाना चाहते हैं तो अनंत चतुर्दशी के दिन 14 लौंग लगा हुआ लड्डू सत्यनारायण भगवान के कलश पर चढ़ा कर पूजा के उपरांत किसी चौराहे पर रख दें. ऐसा करने से मुसीबतें आपसे दूर रहेंगी.
-यदि आप या आपके घर का कोई सदस्य किसी पुरानी असाध्य बीमारी से ग्रसित है तो अनंत चतुर्दशी के दिन अनार उसके सिर से वार कर भगवान सत्यनारायण के कलश पर चढ़ाएं और फिर इसे किसी गाय को खिला दें. ऐसा करने से असाध्य रोग जल्दी ही ठीक होगा.