दिवाली को अगर हिंदुओं का सबसे बड़ा पर्व कहा जाए तो गलत नहीं होगा. जी हां यह वह पर्व है जिसकी तैयारी न जाने कितने महीनों पहले से शुरू हो जाती है. फिर चाहे घर की साफ- सफाई हो या दिवाली पर खरीदी जाने वाली मिठाइयां, घर में चारों ओर चकाचौंध देखने को मिलती है. और आप तो जानते ही हैं की दिवाली की शुरुआत धनतेरस से होती है जिसके बाद छोटी दीपावली होती है जिसे रूप चौदस भी कहा जाता है. लेकिन कई बार लोगों में छोटी और बड़ी दिवाली को लेकर कन्फ्यूजन देखने को मिलती है. यहां आपको छोटी दीवाली से जुड़ी सारी जानकारियां मिल जाएंगी, फिर चाहे डेट की बात हो, पूजा मुहूर्त या बड़ी और छोटी दीवाली में अंतर जानना हो, जानें यहां सबकुछ.
छोटी दिवाली 2023
पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि की शुरूआत 11 नवंबर शनिवार को दोपहर 01 बजकर 57 मिनट पर हो रही है. यह तिथि 12 नवंबर रविवार को दोपहर 02 बजकर 44 मिनट पर खत्म होगी. छोटी दिवाली के लिए प्रदोष काल 11 नवंबर को प्राप्त हो रहा है, इसलिए छोटी दिवाली 11 नवंबर को मनाई जाएगी.
3 शुभ योग में है छोटी दिवाली
इस साल छोटी दिवाली पर 3 शुभ योग बन रहे हैं. इस दिन प्रात:काल से ही प्रीति योग बना हुआ है, जो शाम 04 बजकर 59 मिनट तक रहेगा. उसके बाद से आयुष्मान योग शुरू हो जाएगा. जो अगले दिन शाम 04:25 बजे तक रहेगा. सर्वार्थ सिद्धि योग देर रात 01 बजकर 47 मिनट से सुबह 06:52 बजे तक है.
नरक चतुर्दशी 2023 यम दीपक जलाने का समय
11 नवंबर को ही नरक चतुर्दशी भी मनाई जाएगी. इस दिन शाम को 05:32 बजे सूर्यास्त होगा, उसके साथ ही प्रदोष काल शुरू हो जाएगा. शाम 05:32 बजे से आप यम का दीपक जला सकते हैं. यमराज के लिए तेल का चौमुखा दीपक जलाते हैं और उसे घर से दक्षिण दिशा में रखते हैं. कई स्थानों पर यम के दीपक को नाली के पास या फिर घर के मुख्य द्वार के पास दक्षिण दिशा में रखते हैं.
छोटी दीवाली और बड़ी दिवाली में अंतर
मान्यता के अनुसार कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को छोटी दीपावली पर श्री कृष्ण ने राक्षस नरकासुर का वध किया था इसलिए छोटी दिवाली के दिन भगवान श्री कृष्ण की पूजा की जाती है. वहीं बड़ी दिवाली के बारे में आप यह तो जानते हैं कि इस दिन भगवान श्री राम वनवास पूरा कर अयोध्या लौटे थे और अयोध्या नगरी में चारों तरफ अंधेरा होने के कारण अयोध्यावासियों ने आदिवासियों ने दीपक जलाकर भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण का स्वागत किया था. लेकिन शास्त्रों के अनुसार कार्तिक अमावस्या के दिन बड़ी दिवाली मनाई जाती है क्योंकि इस दिन माता लक्ष्मी रात के समय धरती पर आती है और इसलिए भारतवासी दीप जलाकर विधिवत रूप से मां लक्ष्मी की पूजा करते हुए उनका स्वागत करते हैं.