भगवान शंकर को समर्पित प्रदोष व्रत हर माह के कृष्ण और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर किया जाता है. इस तरह हर महीने 2 प्रदोष व्रत होते हैं. इस दिन प्रदोष काल में भगवान शिव की पूजा का विधान है. हिंदी कैलेंडर के अनुसार, दिसंबर में आने वाले दोनों प्रदोष व्रत रविवार के दिन हैं, ऐसे में इस माह 2 रवि प्रदोष व्रत का संयोग बन रहा है. रवि प्रदोष व्रत के प्रताप से स्वास्थ, सफलता, भौतिक सुख में आ रही परेशानियों से मुक्ति मिलती है. शास्त्रों के अनुसार इस दिन कुछ खास उपाय करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और मनोकामनाएं पूरी करते हैं. आइए जानते हैं रवि प्रदोष व्रत पर किन उपायों को करने से बाबा भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं.
रवि प्रदोष व्रत के चमत्कारी उपाय
शिव की आराधना करें: ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, रवि प्रदोष व्रत के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि से निवृत होकर शिव जी की आराधना करना चाहिए. इसके बाद उन्हें गंगा जल तथा कच्चे दूध से स्नान कराएं. साथ ही पंचाक्षरी मंत्र का जप करें. ऐसा करने से भगवान शिव प्रसन्न होकर मनोकामनाएं पूरी करते हैं.
108 बार पाठ करें: प्रदोष व्रक सूर्य संबंधी उपायों के लिए विशेष माना गया है. यदि इस दिन आदित्य हृदय स्तोत्र का 108 बार पाठ किया जाए तो शुभ फलों और राजयोग की प्राप्ति होती है. हालांकि, यह उपाय दिन में भगवान शिव की पूजा के बाद करना चाहिए.
शिवलिंग पर त्रिपुंड बनाएं: रवि प्रदोष व्रत के दिन पीले चंदन का लेपन बनाकर शिवलिंग पर त्रिपुंड बनाना चाहिए. इसके बाद एक बेलपत्र पर शहद लगाकर दाहिने हाथ से शिवलिंग पर चढ़ाएं और मन में अपनी मनोकामना कहें. हालांकि, ये उपाय सूर्यास्त के समय करना चाहिए. ऐसा करने से भगवान खुश होते हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं.
पंचामृत से अभिषेक करें: प्रदोष व्रत पर भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक करना चाहिए. इसके साथ ही माता पार्वती को शृंगार की सामग्री अर्पित करें. ऐसा करने से साधक का वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहता है. साथ ही मानसिक तनाव भी दूर होता है.
सफेद चीजें दान करें: रवि प्रदोष व्रत में दान करने का भी विशेष महत्व होता है. इसलिए रवि प्रदोष व्रत के दिन सफेद चीजें जैसे चावल, दही, दूध का दान करना चाहिए. माना जाता है कि ऐसा करने से नौकरी में प्रमोशन के योग बनते है. चूंकि, इस दिन रविवार भी है तो ऐसे में गेहूं, जौ, तांबा, लाल पुष्प भी दान कर सकते हैं.