सनातन धर्म में भगवान विष्णु की उपासना के लिए एकादशी व्रत को बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है. वैदिक पंचांग के अनुसार, माघ शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि के दिन षटतिला एकादशी व्रत रखा जाता है. पंचांग के अनुसार, यह व्रत 06 फरवरी 2024, मंगलवार (Shattila Ekadashi 2024 Date) को रखा जाएगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस विशेष दिन पर भगवान विष्णु की उपासना करने से व्यक्ति के सभी दुख और समस्याएं दूर हो जाती हैं और जीवन में सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है.

साथ ही एकादशी व्रत के दिन पूजा-पाठ और स्नान-दान के महत्व को भी शास्त्रों में विस्तार से बताया गया है और यह भी बताया गया है कि इस विशेष दिन पर कुछ ज्योतिष उपाय करने से व्यक्ति के जीवन में कई सकारात्मक बदलाव आते हैं. आइए जानते हैं, षटतिला एकादशी व्रत से जुड़े कुछ विशेष उपाय.

षटतिला एकादशी के दिन जरूर करें ये उपाय (Shattila Ekadashi 2024 Jyotish Upay)

  1. षटतिला एकादशी व्रत के दिन गंगाजल में तिल मिलाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देना चाहिए और स्नान करते समय पानी में हल्का तिल डालकर स्नान करना चाहिए. ऐसा करने से आरोग्यता का आशीर्वाद प्राप्त होता है और कई प्रकार की समस्याएं दूर हो जाती हैं.

  2. षटतिला एकादशी व्रत के दिन स्नान-दान का विशेष महत्व है. इसलिए इस विशेष दिन पर किसी जरूरतमंद व्यक्ति को तिल का दान जरूर करना चाहिए. ऐसा करने से सौभाग्य की प्राप्ति होती है और अक्षय पुण्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है.

  3. षटतिला एकादशी व्रत के दिन तिल का दान करने के साथ-साथ धन का गुप्त दान करना चाहिए. इसलिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति को तिल के साथ, उसमें कुछ सिक्के डालकर गुप्त दान करें. ऐसा करने से भाग्य का साथ मिलता है और जीवन में सफलताएं प्राप्त होती है.

  4. शास्त्र में बताया गया है की षटतिला एकादशी व्रत के दिन भोजन में तिल का विशेष प्रयोग करना चाहिए. ऐसा करने से स्वास्थ्य पर विशेष प्रभाव पड़ता है और आरोग्यता का आशीर्वाद प्राप्त होता है.

  5. एकादशी व्रत के दिन कुंडली में उत्पन्न हो रहे ग्रहों के दुष्प्रभाव को दूर करने के लिए तर्पण और उसके साथ दान जरूर करना चाहिए. इससे शनि, राहु-केतु और पितृ दोष दूर हो जाते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है.