सनातन धर्म में मकर संक्रांति के पर्व को बहुत खास माना जाता है। मकर संक्रांति का दिन खास तौर पर सूर्य देव को समर्पित है। इस दिन सूर्य मकर राशि में परिवर्तन करते हैं। इस दिन स्नान दान का भी विशेष महत्व है। मकर संक्रांति के दिन लोग पूरे विधि-विधान से सूर्य देव की पूजा-अर्चना करते हैं। इस दिन सूर्य देव को अर्घ्य देने से व्यक्ति को हर कष्ट से निजात और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। माना जाता है कि इस दिन कुछ चीजों का दान करने से व्यक्ति को जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल होता है। तो आइए जानते हैं कि इस दिन किन चीजों का दान करने से सूर्य देव को प्रसन्न किया जा सकता है।
तिल का दान
मकर संक्रांति के दिन काले तिल का दान जरूर देना चाहिए। तिल को शनि देव का प्रतीक माना जाता है। इस दिन तिल का दान करने से सूर्य और शनिदेव प्रसन्न होते हैं और उनका आर्शीवाद प्राप्त होता है।
घी का दान
इस दिन घी का दान करना बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसा करने से जातकों को हर बीमारियों से मुक्ति मिलती है। इसी के साथ ही कुंडली में सूर्य और बृहस्पति की स्थिति मजबूत होती है। माता लक्ष्मी की भी विशेष कृपा बनी रहती है।
खिचड़ी का दान
मकर संक्रांति को खिचड़ी पर्व के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि इस दिन चावल और उड़द की खिचड़ी बनाकर सेवन की जाती है। इस दिन खिचड़ी का दान करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही जीवन में आने वाली हर समस्या से छुटकारा मिलता है।
गर्म कपड़ों का दान
मकर संक्रांति का पर्व सर्दियों में मनाया जाता है इसलिए इस दिन गर्म कपड़ों और कंबल का दान करना बहुत ही शुभ माना जाता है। जो लोग इस दिन कंबल का दान करते हैं, उन्हें शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही शनि और सूर्य के साथ सभी ग्रहों की कृपा मिलती है।
गुड़ का दान
मकर संक्रांति के दिन गुड़ का दान करना विशेष माना जाता है। जो लोग इस दिन गुड़ का दान करते हैं, उन्हें समाज में मान-सम्मान प्राप्त होता है और धन लाभ होता है। जिस व्यक्ति की कुंडली में शनि और सूर्य की स्थिति खराब है, वह गुड़ का दान करने से इनकी स्थिति मजबूत कर सकते हैं।