अयोध्या राम मंदिर में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन हर घर में राम ज्योति जलाने से पूरा देश राममय हो जाएगा. राम ज्योति प्राण प्रतिष्ठा के समय नहीं जलेगी. आप उस ज्योति को अंधेरा होने से पूर्व जलाएं.

अपने आराध्य प्रभु राम के लिए आपको राम ज्योति मिट्टी के दीपक में जलाना चाहिए क्योंकि यह सभी जनसामान्य के लिए आसानी से उपलब्ध है. आप चाहें तो धातु के दीपक का भी उपयोग कर सकते हैं. प्रभु राम तो भाव के भूखे हैं, इसमें भाव की प्रधानता है.

राम ज्योति जलाने के लिए आपको सरसों के तेल का उपयोग करना चाहिए. यदि कोई घी का दीपक भी जलाना चाहता है तो और उत्तम है.

प्राण प्रतिष्ठा के दिन आपको कम से कम 1 दीपक जलाना चाहिए और आप चाहें तो 11 से 108 दीपक भी जला सकते हैं. 11 दीपक जलाना अतिशुभ होगा क्योंकि रावण के 10 सिर का मर्दन करके एक प्रभु राम ने विजय प्राप्त की. 

राम ज्योति जलाने के बाद उन 11 दीपक में से 5 दीपक अपने पूजा स्थान पर रखें. बाकी 6 दीपक घर के मुख्य द्वार, आंगन समेत प्रमुख स्थानों पर रख सकते हैं.

राम ज्योति जलाने के लिए मंत्र शुभम करोति कल्याणं, आरोग्यं धन संपदाम्, शत्रु बुद्धि विनाशाय, दीपं ज्योति नमोस्तुते का उच्चारण करें. ये मंत्र याद नहीं है या पढ़ने में समस्या है तो राम नाम का जप करते हुए राम ज्योति जलाएं. राम नाम से बड़ा कुछ नहीं.

इस बात का ध्यान रखें कि राम ज्योति का मुख्य दीपक पूरी रात जलता रहे. आपके पूरे परिवार पर प्रभु श्रीराम की कृपा होगी और जीवन में सुख-शांति आएगी.