पहले के जमाने में घरों में पैसे रखने के लिए तिजोरी रखी जाती थी. उसके रख-रखाव में वास्तु का पूरा ख्याल रखा जाता था. आज भी कई पुराने व्यापारी घर में तिजोरी को उसकी अंदाज में रखते हैं. सामान्य घरों में लोग पैसे को अलमारी के सेफ में रखते हैं. लेकिन सवाल ये उठता है कि जिनके यहां तिजोरी या अलमारी न हो वो क्या करें?
वास्तु शास्त्र के मुताबिक जिन लोगों के पास पैसा रखने के लिए अलग तिजोरी या अलमारी नहीं है. ऐसे लोगों को अपना पैसा रखने के लिए उत्तर दिशा का चुनाव करना चाहिए. पैसे रखने के लिए उत्तर दिशा सबसे अच्छी मानी गई है. घर की इस दिशा में पैसे रखने से व्यक्ति की आर्थिक स्थिति में सुधार आता है. अपने घर के किसी भी कमरे की उत्तर दिशा में पैसों के लिए जगह बना सकते हैं. बस ध्यान रहे कि जिस कमरे में पैसा रख रहें हैं, वह कमरा सुरक्षित होना चाहिए.
घर में तिजोरी रखने की दिशा
हम चाहें कितना ही पैसा कमा लें लेकिन हमारी तिजोरी में बरकत नहीं होती. इस परेशानी से बचने के लिए तिजोरी को सही दिशा में रखना बहुत जरूरी है. तिजोरी को दक्षिण दिशा की तरफ दीवार से सटाकर रखें. तिजोरी का मुंह उत्तर की ओर खुले या फिर पश्चिम दिशा में रखें जिससे तिजोरी का दरवाजा पूर्व दिशा की ओर खुले. ऐसा करना आपके लिए शुभ होगा.
ये दिशा तिजोरी के लिए उचित
वास्तु शास्त्रों के नियम में उत्तर दिशा के स्वामी कुबेर एवं पूर्व दिशा में इंद्र देव का वर्चस्व माना जाता है. इन दोनों दिशाओं में तिजोरी का मुंह खुलने से पैसों की बढ़ोतरी होगी. ऐसा करने से आपके परिवार में भी खुशहाली का वातावरण बना रहेगा. ध्यान रहे, तिजोरी का मुंह दक्षिण दिशा की तरफ कभी न हो. अगर ऐसा होता है तो ये दिशा यम की है एवं इस दिशा में तिजोरी का मुंह खुलना मतलब परेशानियों को बुलावा देना है.