व्यक्ति के जीवन की समस्याओं का समाधान, कुंडली के ग्रहों को देखते हुए निकाला जाता है. उपाय से ये समस्याएं कुछ हद ठीक होने में कामयाब हो जाती हैं. कई तरीकों में सबसे प्रचलित तरीके हैं- रत्न, पूजा पाठ, सेवा, रंग और वास्तु उपाय. इन सभी उपायों में रत्नों को खरीदना हर किसी के लिए संभव नहीं होता है. इसी तरह ग्रहों की समस्याओं को यज्ञ जप आदि से भी ठीक किया जा सकता है, लेकिन कई लोग ऐसे भी होते हैं जो इस विकल्प को भी विभिन्न कारणों से नहीं अपना पाते हैं. ज्योतिष हो या वास्तु सभी में रंगों को महत्वपूर्ण स्थान दिया है. 

रत्न की जगह पहने उस रंग के कपड़े

ज्योतिष शास्त्र में विद्वानों ने सभी लोगों के हितों का ध्यान रखा है, ऐसे में जो लोग रत्न या अनुष्ठान नहीं करा सकते हैं उनके लिए रंगों के प्रयोग का भी विकल्प दिया गया है. हर रत्न का अलग-अलग रंग होता है जिस तरह रत्न धारण करने से उस रंग की परावर्तित किरणें संबंधित व्यक्ति को सुरक्षा कवच प्रदान करती हैं. वही काम संबंधित रंग के वस्त्र भी कर सकते हैं. हर परिस्थिति के लिए रंगों का चुनाव किया जाता है वैसे ही ग्रहों के अनुसार फेवरेट ग्रह का रंग धारण करने से भी उनकी कृपा प्राप्त की जा सकती है. कुंडली के हिसाब से रंग का अधिक से अधिक उपयोग कर अपने कष्ट का निवारण कर सकते हैं. 

हर राशि, ग्रह के लिए अलग रंग

ग्रहों के अनुसार रंगों का प्रयोग करने से रत्नों को धारण करने की भी आवश्यकता नहीं होती है और समस्याओं से निजात पाने का एक माध्यम मिल जाता है. कई लोगों को देखा होगा वह दिनों के अनुसार वस्त्र धारण करते हैं, या कोई विशेष दिन के लिए रंगों का चुनाव करते हैं.

जानें ग्रहों के अनुसार रंग

आप भी राशि और ग्रहों के अनुसार रंगों का चुनाव कर सफलता पाने में एक कदम आगे बढ़ सकते हैं - ग्रहों के रंगों के अनुसार 

  • सूर्य और मंगल के लिए लाल, गोल्डन, सुनहरा रंग का प्रयोग करना चाहिए.    

  • चंद्रमा और शुक्र के लिए सफेद, लाइट ग्रे, स्पार्क रंग का प्रयोग करना चाहिए.   

  • बृहस्पति के लिए पीला रंग का प्रयोग करना चाहिए.   

  • बुध के लिए हरा रंग का प्रयोग करना चाहिए.   

  • शनि के लिए काला और नीला रंग का प्रयोग करना चाहिए.   

  • राहु-केतु के लिए भूरा और धुएं जैसे रंग का प्रयोग करना चाहिए.