व्यक्ति नींद अच्छी लेता है तो उसका पूरा दिन अच्छा रहता है और उसका काम में भी पूरा ध्यान लगा रहता है. इसके उलट अगर नींद पूरी ना हो तो ध्यान ना काम पर रहता है और ना ही शरीर को आराम महसूस होता है. नींद पूरी ना होने के कई कारण हो सकते हैं. बहुत से लोगों को नींद नहीं आती, बहुत से लोगों की नींद रात में उचट जाती है तो वहीं बहुत से लोग ऐसे हैं जिन्हें दिन में तो खूब नींद आती है लेकिन रात के समय लगता है जैसे नींद कहीं खो गई है. अगर आपकी भी ऐसी ही दिक्कत है तो यहां उन ड्रिंक्स का जिक्र किया जा रहा है जिन्हें पीने पर नींद आने लगती है. इन ड्रिंक्स को पीने पर अच्छी और गहरी नींद आती है और नींद से जुड़ी दिक्कतों से छुटकारा मिलता है. जानिए कौनसी हैं ये नींद लाने वाली ड्रिंक्स.

अच्छी नींद के लिए ड्रिंक्स

हल्दी वाला दूध 

हल्दी वाले दूध के यूं तो शरीर को कई फायदे मिलते हैं लेकिन इस दूध को अच्छी नींद लेने के लिए भी पिया जा सकता है. एक गिलास हल्के गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी मिलाएं और दूध को हल्का गर्म ही पिएं. इस हल्दी वाले दूध में लौंग, दालचीनी और जायफल भी मिलाया जा सकता है. इसे पीकर कुछ देर बाद सोने पर नींद अच्छी आती है. 

बादाम का दूध 

रात में बादाम का दूध पीकर सोना भी अच्छा रहता है. बादाम के दूध से सेरेटॉनिन बढ़ता है जोकि नींद लाने में सहायक है. इस दूध को भी हल्का गर्म पिया जा सकता है. इससे स्लीप क्वालिटी बेहतर होती है. 

कैमोमाइल टी 

नींद लेने में सहायक एक और पेय पदार्थ है कैमोमाइल टी. इस चाय को पीने पर शरीर रिलैक्स्ड महसूस करता है. कैमोमाइल टी कैफीन फ्री ड्रिंक है और इसका सेवन नेचुरल स्लीपिंग एजेंट की तरह काम करता है. इसीलिए रोजाना रात में कैमोमाइल टी पी जा सकती है.

चेरी जूस 

एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर चेरी जूस को रात के समय पीने पर नींद अच्छी आती है. इस ड्रिंक को पीने पर इंसोमनिया की दिक्कत में भी राहत मिल सकती है. टार्ट चेरी जूस शरीर में ट्रिप्टोफन को बढ़ाते हैं जोकि नींद लाने में मददगार होता है.