रात में अचानक नींद खुलना और दोबारा नींद न आना या नींद बहुत देर से आना, सुबह उठ कर फ्रेश न महसूस करना, दिनभर के काम के लिए एनर्जी न होना ये सब अनिद्रा के लक्षण हैं। हमारा दिमाग मेलाटोनिन नामक हार्मोन का उत्पादन करता है, जो बिस्तर पर जाने से पहले शरीर को शांत करके नींद लाने में मदद करता है। तनाव की अधिकता होने पर यह हार्मोन कम बनता है। कभी-कभी ब्रेन में ब्लड सर्कुलेशन कम होने, गर्दन झुका कर देर तक काम करने, ऊंचे तकिए पर सोने, स्क्रीन के सामने ज्यादा समय रहने, रात में चाय, कॉफी, सिगरेट या शराब के सेवन आदि के कारण अनिद्रा की समस्या हो सकती है। ऐसे में कुछ योगासन अनिद्रा की समस्या में राहत दे सकते हैं।
ब्रह्म मुद्रा
ओम का उच्चारण करते हुए गर्दन को ऊपर नीचे और दाएं बाएं हर दिशा में घुमाएं। सोने से पहले इस अभ्यास को 10 बार दोहराएं।
मार्जरी आसन
हाथ और घुटनों के बल आकर शरीर की आकृति एक टेबल की तरह बनाएं। सांस भरते हुए गर्दन ऊपर, पीठ के निचले हिस्से को नीचे दबाएं। इसी के विपरीत सांस छोड़ते हुए गर्दन नीचे झुकाएं, पीठ के ऊपरी हिस्से को ऊपर उठाते हुए धनुष की आकृति बना लें। इस क्रिया को एक लय में कुछ देर तक निरंतर करते रहें।
अर्धशलभासन
पेट के बल लेट कर हाथों को जंघा के नीचे दबा लें। श्वास भरते हुए एक पैर को ऊपर उठाएं धीरे से नीचे ले आएं। दूसरे पैर से को भी इस प्रकार उठाएं। इस प्रकार 10-10 के दो सेट करें।
शवासन
पीठ के बल लेट कर आंख बंद कर लें। शरीर को शिथिल छोड़ दें। श्वास के प्रति जागरूक हो जाएं और अपनी आती-जाती श्वास को महसूस करें। मन के विचारों को साक्षी भाव से देखें। कुछ मिनटों में शरीर विश्राम की अवस्था में आ जाएगा।
प्राणायाम
नाड़ी शोधन और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास अति उत्तम है। इससे अनिद्रा की समस्या दूर हो जाती है। शरीर में ऑक्सीजन का संचार बढ़ने के कारण स्फूर्ति महसूस होती है। मानसिक तनाव भी दूर होता है।