हिंदू धर्म में कई तिथियां बेहद शुभ और खास मानी जाती हैं, जैसे प्रदोष, एकादशी, अमावस्या आदि. इसी तरह पूर्णिमा भी एक महत्वपूर्ण तिथि है. इस दिन भगवान शिव और लक्ष्मी नारायण की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. ज्येष्ठ महीना चल रहा है और इस महीने की पूर्णिमा तिथि कब है और इस दिन क्या करना चाहिए, इसके बारे में जानते हैं.
ज्येष्ठ सभी महीनों में सबसे बड़ा महीना होता है और इस माह की पूर्णिमा तिथि बेहद महत्वपूर्ण होती है. इस बार ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा तिथि का व्रत 11 जून को रखा जाएगा. इस दिन ज्येष्ठ नक्षत्र के साथ शुभ और साध्य योग भी रहेगा, जो इस दिन का महत्व दोगुना कर देता है. पूर्णिमा के दिन पूजा के साथ-साथ दान का भी महत्व होता है.
क्या करें पूर्णिमा के दिन
ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन लक्ष्मी नारायण की कृपा पाने के लिए सुबह स्नान कर व्रत का संकल्प लें. श्री यंत्र या लक्ष्मी यंत्र घर लाकर उत्तर दिशा की दीवार पर रखें. साथ ही एक लाल कपड़े में थोड़ा सा चावल, एक हल्दी की गांठ और एक सिक्का बांधकर उस यंत्र के पास रखें और 108 बार ॐ महालक्ष्मी नमः मंत्र का जाप करें. इससे माता लक्ष्मी प्रसन्न होंगी और घर की आर्थिक तंगी दूर होगी. इस दिन सत्यनारायण कथा भी सुननी चाहिए, इससे घर की सभी समस्याएं समाप्त हो जाएँगी.
चंद्रमा को दिया जाता है अर्घ्य
पूर्णिमा के दिन चंद्र दोष से मुक्ति पाने के लिए चंद्रमा को दूध अर्पण किया जाता है, जो शुभ होता है. इस बार ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन चंद्रोदय का समय शाम 07 बजकर 29 मिनट पर होगा.