किसी के सामने अपनी बात को सही प्रकार से रखने और किसी भी क्षेत्र में सफलता पाने के लिए व्यक्ति में भरपूर आत्म विश्वास का होना बहुत आवश्यक होता है। आपके अंदर कितना भी टैलेंट क्यों न हो, अगर आपमें आत्म विश्वास की कमी है, तो आपको हर जगह से निराशा ही हासिल होती है। व्यक्ति की सफलता बहुत हद तक उसके आत्मविश्वास पर निर्भर करती है, क्योंकि आत्मविश्वास से भरपूर व्यक्ति कार्यस्थल और समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाता है। तो वहीं कमजोर आत्मबल वाला व्यक्ति किसी के सामने अपनी बात को सही प्रकार से नहीं रख पाता है।

यही वजह है कि जानकारी होने के बाद भी कई बार कमजोर आत्मबल वाला व्यक्ति अन्य लोगों की तुलना में पीछे रह जाता है। आत्मविश्वास को मजबूत बनाने के लिए आपको स्वयं तो प्रयास करने ही होंगे। इसके अलावा कुछ ग्रहों की स्थिति को अनूकूल बनाकर भी आप अपने आत्मबल को मजबूत कर सकते हैं। तो चलिए आज जानते हैं कि किस प्रकार से आप कुछ ज्योतिषीय उपायों के जरिए अपने आत्मविश्वास को मजबूत बना सकते हैं... 

मंगल ग्रह

मंगल को साहस और पराक्रम का कारक माना गया है। अगर आपमें आत्मविश्वास की कमी है तो अपना मंगल मजबूत करना चाहिए। इसके लिए मूंगा रत्न धारण किया जा सकता है, लेकिन रत्न धारण करने से पहले अपनी राशि आदि को ध्यान में रखना आवश्यक होता है।

सूर्य भी बढ़ाते हैं आत्मविश्वास 

सूर्य ग्रह से शारीरिक और मानसिक शक्ति का विकास होता है। ऐसे में आत्मविश्वास बढ़ाने और सूर्य को अनुकूल बनाने के लिए सूर्य देव को अर्घ्य दें। इसके साथ ही आत्मविश्वास को मजबूत करने के लिए दाएं हाथ की मध्यमा अंगुली में माणिक्य रत्न पहनना चाहिए।

बुध को करें मजबूत

बुध ग्रह को बुद्धि, वाणी और चातुर्य का कारक माना गया है। ऐसे में बुध को मजबूत करने के लिए प्रत्येक बुधवार के दिन गाय को हरा चारा खिलाएं। इसके साथ ही गणेश भगवान की पूजा करनी चाहिए।  कहा जाता है नाक छिदवाकर उसमें चांदी का तार 43 दिन तक के लिए पहनने से भी लाभ मिलता है।

रूद्राक्ष की माला 

रुद्राक्ष की माला पहनने से आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होती है। आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए 1 या 11 मुखी रुद्राक्ष पहनना अच्छा माना जाता है। किसी ज्योतिष से पूछकर ही इसे पहनें।

सोने का छल्ला

इसके अलावा दाहिने हाथ की अनामिका अंगुली में सोने का छल्ला भी पहन सकते हैं। इससे आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और आप आसानी से अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।