सूर्य देव को प्रसन्न करने के लिए रविवार का व्रत रखा जाता है. रविवार का व्रत रखने से कुंडली का सूर्य दोष भी दूर हो जाता है. हालांकि जो लोग रविवार का व्रत रखते हैं, उनको नमक का सेवन नहीं करना चाहिए. इस व्रत को करने से सूर्य देव खुश होकर घर धन-धान्य से भर देते हैं. हर व्रत की तरह इसकी भी पौराणिक कथा है, जिसे पूजा के समय पढ़ना जरूरी है. रविवार व्रत कथा को पढ़ने से व्रत का महत्व पता चलेगा और आपको पुण्य प्राप्त होगा. व्रत कथा के बिना आपका व्रत पूरा नहीं होगा. जानते हैं रविवार व्रत कथा.
रविवार व्रत कथा
एक समय की बात है. एक नगर में वृद्ध महिला रहती थी, वह हर माह रविवार का व्रत रखती थी और विधि विधान से सूर्य देव की पूजा करती थी. वह उपवास के दौरान एक समय ही मीठा भोजन करती थी. सूर्य देव की कृपा से उसके दुखों का अंत हो गया था और उसके घर में धन-धान्य की कोई कमी नहीं थी. जब भी वह रविवार का व्रत रखती थी, तो उस दिन घर की साफ सफाई करती थी और गाय के गोबर से घर को लीपकर साफ सुथरा रखती थी.
इस व्रत के पुण्य प्रभाव से वह सुखी थी. रविवार व्रत के दिन वह अपनी पड़ोसन के घर से गाय का गोबर लेकर आती थी. जलनवश रविवार को उसकी पड़ोसन ने गाय को घर के अंदर बांध दिया, जिससे उस बुढ़िया को गाय का गोबर नहीं मिला. बुढ़िया ने व्रत रखा लेकिन आंगन लीप नहीं पाई. उसके कारण सूर्य देव को भोग भी नहीं लगाया. खुद भी बिना कुछ खाए सो गई.
अगले दिन सुबह बुढ़िया के आंगन में एक गाय बछड़े के साथ बंधी थी. यह देख वह खुश हो गई. उसके उसे चारा खिलाया तो गाय ने सोने का गोबर किया. यह देखकर पड़ोसन आश्चर्य में पड़ गई. उसने उस गोबर को उठाकर अपने घर ले गई और अपने घर से गोबर लाकर वहां रख दी. यह अब रोज का सिलसिला हो गया. सूर्योदय पूर्व वह गाय सोने का गोबर करती और पड़ोसन वह गोबर लेकर चली जाती. इससे वह धनवान हो गई.
सोने के गोबर के बारे में बुढ़िया को पता नहीं था. हमेशा की तरह बुढिया एक दिन रविवार का व्रत थी. उसने रविवार का व्रत कथा सुनी और सूर्य पूजा की. सूर्य देव ने उस दिन तेज आंधी चलाई, जिससे बुढ़िया ने गाय को घर के अंदर बांध दिया. गाय ने वहीं पर सोने का गोबर कर दिया तो बुढ़िया आश्चर्यचकित हो गई. तब से वह गाय को घर में ही बांधने लगी. कुछ दिनों में ही बुढ़िया और भी धनवान हो गई.
इससे उसकी पड़ोसन नाराज हो गई. उसके अपने पति को नगर के राजा के पास भेज दिया. उसने सोने का गोबर करने वाली गाय के बारे में बताया और सोने का गोबर दिखाया. राजा भी आश्चर्य में पड़ गया. उसने बुढ़िया के घर से उस गाय को अपने पास मंगा लिया. गाय ने चारा खाया और सोने का गोबर किया तो राजा खुश हो गया.
उधर दुखी बुढ़िया ने सूर्य देव से प्रार्थना की कि वह गाय उसे वापस मिल जाए. उस रात सूर्य देव उस राजा के सपने में आए और आदेश दिया कि वह गाय और बछड़ा बुढ़िया को वापस कर दो, नहीं तो तुम्हारा सब कुछ नष्ट हो जाएगा. राजा डर गया और उसने अगली सुबह बुढ़िया को वह गाय और बछड़ा वापस कर दिया और उससे क्षमा मांगी.
उसके बाद उस पड़ोसन और उसके पति को दंडित किया. राजा ने प्रजा को रविवार का व्रत करने का आदेश दिया. व्रत के पुण्य प्रभाव से राजा और प्रजा दोनों ही धनवान हो गए. सभी के कष्ट दूर हो गए. इस प्रकार से जो भी रविवार का व्रत करके कथा सुनता है, उसके दुख दूर होते हैं. उसका घर धन और धान्य से भर जाता है.