पृथ्वी पर न जाने कितने तरह के खनिज पदार्थ मौजूद हैं. इन्हीं में रत्न भी शामिल हैं. रत्नों का महत्व रत्न शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र में बहुत अधिक बताया गया है. व्यक्ति की कुंडली में किसी ग्रह की स्थिति को बैलेंस करना हो तो रत्न धारण करने की सलाह दी जाती है. ऐसे 5 रत्नों के बारे में बता रहे हैं. जो हमारे करियर के लिए काफी लाभदायक हो सकते हैं.
- ओपल को शुक्र का रत्न माना जाता है. ओपल रत्न धारण करने से व्यक्ति का जीवन आकर्षण, दया, संस्कृति और विलासिता से भरा रहता है. जो व्यक्ति कपड़े, फैशन, कलाकृतियों, महंगी कार और गहने का व्यापार करते हैं उनके लिए ओपल शुभ माना जाता है.
- पन्ना रत्न बुध का रत्न माना जाता है. जो व्यक्ति प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं या फिर कानून के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए पन्ना रत्न बहुत उपयोगी होता है. पन्ना रत्न हमेशा कुंडली में बुध की स्थिति को देखकर ही धारण करना चाहिए. इसके अलावा इसके वजन का अत्यंत महत्व बताया गया है.
- ज्योतिष शास्त्र के अनुसार गोमेद को राहु का रत्न माना जाता है. इस रत्न में राहु की शक्तियां और गुण मौजूद होते हैं. यह रत्न राहु की नकारात्मक शक्तियों को सकारात्मक शक्तियों में परिवर्तित कर उसके दुष्परिणाम से जातक की रक्षा करता है. जो व्यक्ति प्रौद्योगिकी, पायलट, इलेक्ट्रॉनिक्स, यांत्रिकी और सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में अपना करियर बनाते हैं उनके लिए गोमेद पहनना शुभ होता है.
- मूंगा रत्न को मंगल ग्रह के साथ जोड़ा जाता है. इसे धारण करने वाले साहसी और पराक्रमी हो सकते हैं. जो लोग पेट्रोल पंप, ईंट भट्टे, ब्लड टेस्ट, गैस एजेंसी, पहलवानी, सुरक्षा से संबंधित कार्य, पुलिस अधिकारी, सेना, प्रॉपर्टी से संबंधित कार्य करते हैं उन्हें मूंगा रत्न धारण करने की सलाह दी जाती है. रत्नों का जातक के करियर पर खासा प्रभाव पड़ता है.
- अनेक गुणों से भरपूर माणिक्य को धारण करना बेहद लाभकारी होता है. कमजोर सूर्य को मजबूत बनाने में माणिक्य अहम भूमिका निभाता है. राजनीति, व्यवसाय या नेतृत्व करने वाले क्षेत्र में शामिल लोगों के लिए माणिक्य काफी अच्छा माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि माणिक्य धारण करने वाले पर संकट आने की स्थिति में इस रत्न का रंग फीका पड़ जाता है. संकट टलने के बाद इसकी चमक वापस आ जाती है.