यूं तो राजधानी दिल्ली में बजरंगबली के कई पुराने मंदिर मौजूद हैं, लेकिन आज हम आपको दिल्ली-एनसीआर के एक ऐसे मंदिर के बारे में बताएंगे जहां पर सफेद रंग के बजरंगबली स्थापित हैं. जी हां, आपने दिल्ली में अब तक जितने भी मंदिर देखे होंगे, उनमें बजरंगबली केसरिया रंग के होते हैं, लेकिन यह दिल्ली का एक ऐसा इकलौता मंदिर है, जहां सफेद रंग के बजरंगबली जी विराजमान हैं. जानते हैं कि यह मंदिर कहां स्थित है और आप यहां दर्शन करने के लिए कैसे जा सकते हैं.

कहां है सफेद हनुमान जी का मंदिर
दिल्ली के आईटीओ क्रॉसिंग के पास हनुमान जी का एक बहुत बड़ा मंदिर है, जहां मंदिर के बाहर उनकी बहुत बड़ी मूर्ति बनी हुई है. यह मंदिर 100 साल से भी ज्यादा पुराना है और मंदिर के बाहर बनी हुई हनुमान जी की मूर्ति 29 साल पुरानी है.

वे आगे बताते हैं कि पूरी दिल्ली में सफेद बजरंगबली जी केवल यहीं स्थापित हैं. इस मंदिर की धार्मिक आस्था लोगों के बीच में काफी प्रसिद्ध है. यहां भक्त दूर-दूर से दर्शन करने के लिए आते हैं क्योंकि यहां मांगी गई सभी मुरादें पूरी होती हैं.

जानें इसकी क्या है मान्यता..
रामायण में एक भाग ऐसा आता है, जब हनुमान जी को सुग्रीव जंगल की ओर यह कहकर भेजते हैं कि, मेरे भाई बाली ने मेरा वध करने के लिए किसी भेष बदलने वाले को भेजा है, आप जाकर पता लगाएं कि वह कौन है? तब हनुमान जी ने बूढ़े साधु का रूप धारण किया और प्रभु राम से मुलाकात की. जब दोनों ने एक-दूसरे को पहचाना, तो गले से लगा लिया.

इस मंदिर में जो बड़ी मूर्ति है, वह हनुमान जी के उसी रूप को दर्शाती है. तो अगर आप बजरंगबली के भक्त हैं और अभी तक इस मंदिर में दर्शन के लिए नहीं गए हैं, तो जरूर जाएं क्योंकि यहां आपको बजरंगबली का एक अलग रूप देखने को मिलेगा. यह मंदिर भक्तों के लिए 24 घंटे खुला रहता है, इसलिए आप किसी भी वक्त इस मंदिर में दर्शन करने जा सकते हैं.

कैसे पहुंचे मंदिर
यह मंदिर आईटीओ क्रॉसिंग के पास है. इसकी सही लोकेशन की बात करें तो नजदीकी मेट्रो स्टेशन आईटीओ और सुप्रीम कोर्ट दोनों हैं, जहां से पैदल दूरी पर यह मंदिर बना हुआ है. आप मेट्रो स्टेशन पर उतरने के बाद आसानी से पैदल ही मंदिर तक जा सकते हैं.