वरुथिनी एकादशी का व्रत 24 अप्रैल गुरुवार को शुभ संयोग में पड़ा है. वरुथिनी एकादशी और गुरुवार व्रत दोनों में भगवान श्री विष्णु की पूजा करते हैं. ऐसे में यह दिन अत्यंत ही पुण्य फलदायी है. जो व्यक्ति वरुथिनी एकादशी का व्रत रखकर भगवान श्रीहरि के वराह स्वरूप की पूजा करता है, वह सदैव निर्भय रहता है, उसे किसी भी प्रकार का कोई भय नहीं रहता है. उसे 10 हजार वर्ष तक तप करने का फल इस एक मात्र व्रत को कर लेने से ही हो जाता है. पाप मिटते हैं, वह मृत्यु के बाद मोक्ष को प्राप्त कर लेता है. जानते हैं वरुथिनी एकादशी की व्रत कथा, शुभ मुहूर्त और पारण के बारे में.

वरूथिनी एकादशी व्रत कथा
पौराणिक कथा में वरूथिनी एकादशी के महत्व को बताया गया है. एक समय राजा मांधाता का राज्य नर्मदा नदी के तट पर बसा था. वे धर्मात्मा राजा थे. वे अपनी प्रजा की सेवा करते थे और पूजा, पाठ, धर्म, कर्म में उनका मन लगता था. एक दिन वे जंगल में चले गए और वहां पर तपस्या करनी शुरू कर दी. वे तपस्या में काफी समय तक लीन रहे. एक दिन एक भालू वहां पर आया और राजा मांधाता पर हमला कर दिया.

इस हमले में भालू ने राजा मांधाता के पैर को पकड़ लिया और घसीटने लगा. उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और भगवान के तप में ही लगे रहे. उन्होंने अपने प्रभु श्रीहरि का स्मरण करके जीवन रक्षा की प्रार्थना की. इतने समय में भालू उनको जंगल के और अंदर लेकर चला गया. तभी भगवान विष्णु प्रकट हुए. उन्होंने उस भालू का वध कर दिया और राजा मांधाता के प्राण बच गए. भालू के हमले में राजा मांधाता का पैर खराब हो गया था. इस बात से वे काफी दुखी थे.

तब भगवान विष्णु ने राजा मांधाता को बताया कि यह तुम्हारे पिछले जन्मों के कर्मों का ही फल है. तुम्हें परेशान नहीं होना चाहिए. जब वैशाख महीने के कृष्ण पक्ष में एकादशी आए तो उस दिन मथुरा में भगवान वराह की पूजा विधिपूर्वक करो. उस व्रत और पूजन के प्रभाव से एक नया शरीर प्राप्त होगा.

श्रीहरि की ये बात सुनकर राजा मांधाता खुश हो गए. वे प्रभु की आज्ञा पाकर वैशाख कृष्ण एकादशी यानि वरूथिनी एकादशी को मथुरा पहुंच गए. उन्होंने वरूथिनी एकादशी का व्रत रखा और भगवान वराह की विधिपूर्वक पूजा की. व्रत के बाद पारएा करके उपवास को पूरा किया. इस व्रत के पुण्य से उनको एक नया शरीर प्राप्त हुआ. वे अपने राज्य वापस लौट आए और सुखी जीवन व्यतीत करने लगे. जब उनकी मृत्यु हुई तो उनको स्वर्ग की प्राप्ति हुई. उनको सद्गति मिली.

ऐसी ही जो भी व्यक्ति वरूथिनी एकादशी का व्रत विधि विधान से करता है और वरूथिनी एकादशी की व्रत कथा सुनता है, उस पर प्रभु हरि की कृपा होती है. उसके पाप मिटते हैं और वह मोक्ष पा जाता है. वह भयहीन हो जाता है.

वरुथिनी एकादशी व्रत 2025 मुहूर्त और पारण समय
वैशाख कृष्ण एकादशी तिथि की शुरूआत: 23 अप्रैल, बुधवार, शाम 4:43 बजे से
वैशाख कृष्ण एकादशी तिथि की समाप्ति: 24 अप्रैल, गुरुवार, दोपहर 2:32 बजे पर
ब्रह्म योग: सुबह से दोपहर 03:56 बजे तक, फिर इंद्र योग होगा.
ब्रह्म मुहूर्त: 04:19 ए एम से 05:03 ए एम तक
अभिजीत मुहूर्त: 11:53 ए एम से दोपहर 12:46 पी एम तक
वरुथिनी एकादशी व्रत पारण समय: 25 अप्रैल, शुक्रवार, 05:46 ए एम से 08:23 ए एम तक द्वादशी तिथि का समापन: 25 अप्रैल, शुक्रवार, 11:44 ए एम पर.