हिंदू कैलेंडर में साल का अंतिम महीना फाल्गुन का होता है. इस बार फाल्गुन महीना 6 फरवरी से शुरू होगा, जो कि 7 मार्च तक रहेगा. महाशिवरात्रि, विजया एकादशी, होलिका दहन आदि कई प्रमुख व्रत-त्योहार फाल्गुन माह में ही मनाए जाते हैं. इस माह में भगवान विष्णु-लक्ष्मी, श्रीकृष्ण और चंद्रमा की पूजा करने का विधान पुराणों में बताया गया है. इसके अलावा पुराणों में इस महीने से जुड़े कई नियम भी बताए गए हैं. तो चलिए जानते हैं फाल्गुन मास से जुड़ी खास बातें, साथ ही जानेंगे इस महीने में क्या करें-क्या नहीं.

फाल्गुन मास में होती है भगवान श्रीकृष्ण की पूजा

गीता में स्वयं श्रीकृष्ण ने कहा है कि ‘महीनों में मैं फाल्गुन हूं.’ इसलिए इस माह में श्रीकृष्ण की पूजा विशेष रूप से की जाती है. धर्मग्रंथों के अनुसार, फाल्गुन माह में श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा करने से संतान सुख मिलता है और राधा-कृष्ण रूप की पूजा करने से सुख और समृद्धि बढ़ती है. फाल्गुन मास में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों में फाग उत्सव भी मनाया जाता है.  

फाल्गुन माह में मनाए जाते हैं ये प्रमुख त्योहार

फाल्गुन मास में वैसे तो कई व्रत और त्योहार मनाए जाते हैं, लेकिन इनमें से दो प्रमुख हैं. पहला त्योहार है महाशिवरात्रि जो फाल्गुन माह के कृष्ण चतुर्दशी तिथि पर मनाया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस तिथि पर भगवान शिव निराकार यानी ज्योतिर्लिंग रूप में प्रकट हुए थे. दूसरा प्रमुख त्योहार है होलिका दहन. यह पर्व फाल्गुन माह के अंतिम दिन यानी पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाता है. इस दिन होलिका दहन किया जाता है.