सनातन धर्म में मार्गशीर्ष माह को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसे अगहन माह भी कहा जाता है। यह महीना मुख्य रूप से भगवान श्री कृष्ण का प्रिय महीना माना जाता है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के बाद मार्गशीर्ष माह शुरू होता है। ऐसे में मार्गशीर्ष माह मंगलवार, 28 नवंबर 2023 को शुरू हो रहा है। यह महीना मंगलवार, 26 दिसंबर, 2023 को समाप्त होगा। मार्गशीर्ष माह को लेकर कुछ नियम बताए गए हैं, जिनका पालन जरूर करना चाहिए।

मार्गशीर्ष माह का महत्व

मार्गशीर्ष मास की पूर्णिमा तिथि पर चंद्रमा मृगशिरा नक्षत्र में होता है। इसलिए इस माह को मार्गशीर्ष कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्री राम और माता सीता का विवाह पवित्र मार्गशीर्ष माह में हुआ था। भगवत गीता में कहा गया है कि इस माह में भगवान श्री कृष्ण का विशेष प्रभाव रहता है। ऐसे में इस महीने में भगवान कृष्ण की पूजा करने से जीवन के सभी सुखों का आनंद मिलता है और अंत में मोक्ष की प्राप्ति होती है।

इन बातों का रखें ध्यान

मार्गशीर्ष माह में श्रद्धालु तीर्थ स्थलों पर जाकर पवित्र स्नान करते हैं। इसके अलावा, इस महीने में शंख की पूजा का भी विशेष महत्व होता है। मार्गशीर्ष या अगहन माह में कपूर जलाकर तुलसी की परिक्रमा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस खास महीने में भगवान श्री कृष्ण की पूजा की जाती है।