दिनभर मेहनत करने के बाद दो पल परिवार के साथ ख़ुशी से बिता कर सुकून की नींद सोना, हर एक की तमन्ना होती है. कुछ लोगों को तो सुकून की नींद आ भी जाती है लेकिन कुछ लोग पूरी रात काट देते हैं नींद के इंतज़ार में. तनाव के कारण ऐसा अक्सर होता है. ये समस्या बढ़ने पर अनिद्रा का रूप ले लेती है. ऐसे में अनिद्रा से बचने और सुकून की नींद सोने के लिए आप आज़मा सकते हैं योग के ये आसन. 

वज्रासन

सेहतमंद बनने का और पूरे शरीर को आराम देने का सबसे सरल उपाय है वज्रासन. ये दिमाग को शांत और एकाग्र करने में मदद करता है और अच्छी नींद को बढ़ावा देता है. इस आसन की खासियत ये है कि आप कभी भी इसे कर सकते हैं.

सुप्त बद्ध कोणासन

शरीर को पूरी तरह से आराम देने में और मानसिक शान्ति का अनुभव करने में सुप्त बद्ध कोणासन का अभ्यास बहुत मददगार होता है. इससे शारीरिक और मानसिक दोनों तरह का तनाव दूर होता है, पाचन में भी सुधार होता है. अच्छी नींद पाने के के लिए ये आसन किया जा सकता है. 

अधोमुख वीरासन

अधोमुख वीरासन करने से थकान और तनाव दूर होता है. इससे सिर दर्द, कमर दर्द और पैरों के दर्द में आराम मिलता है. नींद न आने की समस्या हो तो इस आसन को करने से अच्छी नींद आ सकती है. 

जानू शीर्षासन

जानू शीर्षासन दिमाग को शांत करता है. अनिद्रा, थकान, तनाव, चिंता या अवसाद से छुटकारा पाने में ये मदद करता है. तनाव के कारण नींद न आने पर जानू शीर्षासन करने से नींद आ जाती है.