हिन्दू धर्म में शादी के समय कई रस्में निभाई जाती हैं. वहीं शादी के बाद जब पहली बार दुल्हन अपने ससुराल में प्रवेश करती है तो गृह प्रवेश की रस्म से उसका घर में स्वागत किया जाता है. गृह प्रवेश की रस्म कई सालों से मनाई जा रही एक परंपरा है, जिसका कारण बहुत कम ही लोग जानते हैं. तो चलिए आपको बताते हैं गृह प्रवेश की रस्म क्या होती है और क्यों दुल्हन चावल से भरा कलश गिराती है?
ससुराल में ऐसे होता है दुल्हन का स्वागत
जब घर का बेटा अपनी दुल्हन को ब्याह कर लाता है, तब दुल्हे की माँ घर की सभी महिलाओं के साथ अपनी नई बहु का स्वागत करने के लिए प्रवेश द्वार पर खड़ी होती हैं. सबसे पहले वह दूल्हा-दुल्हन की आरती उतारती हैं और फिर दुल्हन को चावल से भरे कलश को दाहिने पैर से गिराने को कहती हैं. जिसके बाद दुल्हन घर (गृह) में प्रवेश करती हैं. इसी को गृह प्रवेश कहा जाता है. अलग-अलग क्षेत्रों में इसे अलग-अलग नामों से जाना जाता है.
गृह प्रवेश के समय चावल से भरा कलश गिराने का कारण
हिन्दू धर्म के अनुसार, कलश और चावल दोनों को ही पूजा-अनुष्ठान में महत्वपूर्ण माना जाता है. जहाँ कलश पूजा का एक महत्वपूर्ण बर्तन होता है तो वहीं चावल को धन और समृद्धि का प्रतिक माना जाता है. इस प्रकार चावल से भरा कलश धन की अधिकता का प्रतीक होता है. जब दुल्हन इसे अपने पैर से गिराती है तो माना जाता है कि वह घर में धन, समृद्धि और सौभाग्य लाने की उम्मीद करती है.