आलू परांठे के साथ या रायता, छाछ के रूप में हम अक्सर दही खाना पसंद करते हैं. ये मामूली सी दही कैल्शियम, प्रोटीन, पोटैशियम और विटामिन ए, बी-12 और डी जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होती है. इसलिए ये आपकी सेहत को बहुत फायदा करती है. लेकिन बहुत से लोग हैं जो दही को किसी भी समय, किसी भी तरीके से खा लेते हैं जो कि सही नहीं माना जाता. इसलिए आज हम आपको बता रहे हैं कि दही को किस समय खाना चाहिए और दही में क्या मिला कर खाने से अधिक पोषण मिलता है.
आयुर्वेद के अनुसार दही को किन चीजों के साथ खाना चाहिए?
दही और आंवला पाउडर
रोज़ 1 कटोरी दही में 1 चम्मच आंवला पाउडर मिला कर खाने से इम्युनिटी बढ़ती है और स्वास्थ्य अच्छा रहता है.
दही और देसी घी
दही और घी का मेल कई तरह से फायदेमंद होता है. इससे शरीर को एनर्जी मिलती है, खाने के बाद पेट भी लम्बे समय तक भरा रहता है जिससे वजन कम करने में आसानी होती है.
दही और मिश्री
दही में मिश्री मिला कर खाने से तनाव दूर होता है और शरीर को भरपूर एनर्जी मिलती है.
दही और हरी मूंग दाल
अंकुरित मूंग दाल को दही के साथ खाने से हड्डियां और मांसपेशियां मज़बूत होती है. इससे पाचन की समस्या भी दूर होती है और शरीर को प्रोटीन भी अच्छी मात्रा में मिल जाता है.
दही खाने का सही समय क्या है?
दोपहर का समय दही खाने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है, इससे पाचन में काफी सुधार होता है. वहीं, रात के समय दही खाने से बचना चाहिए, क्योंकि ये पाचन तंत्र पर बुरा असर डालता है.